युवती का कत्ल, टुकड़े कर फेंका शव
अजमेर. अलवर गेट न्यू कालोनी की एक युवती की धारदार हथियार से सिर व पैर काटकर नृशंस हत्या कर दी गई।
कटा हुआ सिर शनिवार शाम आनासागर झील के रामप्रसाद घाट के पास कचरे में मिला, जबकि कटा हुआ पैर देर रात फायसागर किनारे बरामद हुआ। पुलिस देर रात तक झील सहित अन्य स्थानों पर मृतका के धड़ की तलाश में जुटी रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्यारे ने वारदात किसी दूसरी जगह कर शव के टुकड़े कर फेंक दिए। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी जांच के घेरे में लिया है।
कटा सिर और पैर मिलने से सनसनी : पुलिस के अनुसार शनिवार शाम लोगों ने सूचना दी कि रामप्रसाद घाट के निकट कचरे में महिला का कटा सिर पड़ा है। सूचना पर गंज थानाप्रभारी हनुमंतसिंह भाटी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान क्रिश्चियन गंज थानाप्रभारी भीमसिंह बीका और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर गए। आसपास के लोगोंे से पूछताछ में मृतका की पहचान नहीं हो सकी। शहर के अन्य थानों से संपर्क करने पर पता चला कि वंदना नागरानी (31) पत्नी महेश गोविंदानी की गुमशुदगी रिपोर्ट शनिवार को अलवर गेट थाने में दर्ज हुई थी।
पुलिस ने वंदना के पिता न्यू कॉलोनी निवासी देवीदास नागरानी को बुलाया। अस्पताल में देवीदास ने कटे सिर की पहचान पुत्री के रूप में की। देवीदास ने बताया कि उसकी पुत्री वंदना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे स्कूटर लेकर घर से निकली लेकिन शाम तक नहीं लौटी। संभावित जगहों पर तलाश के दौरान शुक्रवार रात साढ़े 8 बजे बस अड्डे पर उसका स्कूटर मिल गया।
अलवर गेट थाने में जानकारी दी, लेकिन फोटो नहीं होने से गुमशुदगी रिपोर्ट शनिवार सुबह दर्ज करवाई गई। वंदना दो वर्ष से पति से अलग होकर पीहर में रह रही थी। उसका चार वर्षीय पुत्र रितिक पिता के पास रहता था। वंदना अपने पिता की दूसरी शादी से खफा थी।










