Rohtak
छात्रा की पिटाई पर हंगामा
Bhaskar News Sunday, October 11, 2009 06:06 [IST]  

rohtakरोहतक. महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर तार-तार हो गई जब बाहरी युवक दिनदहाड़े एक छात्रा को मारपीट कर घायल कर गए। घटना के विरोध में विद्यार्थी संगठनों ने मेडिकल पुलिस चौकी के बाहर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य आशीष खत्री ने बताया कि शनिवार को एमडीयू के केमेस्ट्री विभाग की अंतिम वर्ष की छात्रा दोपहर करीब एक बजे कक्षा में जा रही थी।



इसी दौरान तीन-चार बाहरी युवक आए और छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के छात्र आ गए, जिसके कारण हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। विद्यार्थियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस कर्मी समय पर नहीं पहुंचे। इससे विद्यार्थियों में आक्रोश पैदा हो गया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी मेडिकल पुलिस चौकी पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।



मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जयकिशन मलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छात्रा से पूछताछ की। पुलिस जांच में पता चला कि शुक्रवार को प्रथम वर्ष की छात्रा से कहा-सुनी हुई थी। इसी को लेकर छात्रा से मारपीट की घटना हुई है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए जांच-पड़ताल कर रही है।



पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं



एमडीयू परिसर में बाहरी युवकों द्वारा मारपीट की घटना नई नहीं है। इससे पहले भी कई बार विद्यार्थियों से मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले दिनों हॉस्टल नंबर तीन में बाहरी युवकों द्वारा विद्यार्थियों के एक कार्यक्रम में शराब के नशे में हुड़दंगबाजी और रिवाल्वर लहराने का मामला हुआ था। दो दिन पहले भी सांख्यिकी विभाग में कंप्यूटर चोरी हो गया था।



पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग



जयहिंद छात्र मोर्चा के प्रमुख नवीन जयहिंद ने कहा कि एमडीयू परिसर बाहरी युवकों का अड्डा बन गया है। एमडीयू में सुरक्षा व्यवस्था नाम की चीज नजर नहीं आती। रोजाना छात्राओं से छेड़छाड़ और विद्यार्थियों से मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। एबीवीपी के सदस्य प्रदीप शेखावत ने कहा कि एमडीयू परिसर में पुलिस पीसीआर और राइडर की संख्या बढ़नी चाहिए और लगातार गश्त होनी चाहिए।



एमडीयू परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध हैं। दो राइडर एमडीयू परिसर में लगातार गश्त करते हंै। विद्यार्थियों को भी छेड़छाड़ और मारपीट जैसी घटनाएं होने पर पुलिस का सहयोग करना चाहिए, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। - जयकिशन मलिक, प्रभारी, मेडिकल चौकी

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: