बाड़मेर. बाड़मेर में शनिवार सुबह गेहूं रोड पर नगरपालिका ने जिला प्रशासन व पुलिसकर्मियों के सहयोग से करीब 10 करोड़ रुपए कीमत की 108 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवाया।
बुलडोजर चलाने के दौरान कार्रवाई के विरोध में अपने मकान की छत पर खड़ा लक्ष्मी नगर निवासी चूनाराम छत ढहने से नीचे गिर पड़ा। उसके हाथ व पैर में फैक्चर हो गया। उधर, कार्रवाई से गुस्साए लोगों ने बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन के घर पथराव किया। रास्ता भी जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बाद में आक्रोशित लोग डाक बंगले पहुंचे तथा बायतु विधायक को अपनी पीड़ा सुनाई।
पुलिस ने दो जनों को राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से प्रभावित लोग सामूहिक रूप से सरदारपुरा क्षेत्र में स्थित बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन के आवास के सामने एकत्रित हो गए। आक्रोशित होकर जैन के आवास पर पथराव शुरू कर दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई।
करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन को शांत करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच गुस्साए लोगों ने विधायक के परिजनों की कार को नुकसान पहुंचाने का भी प्रयास किया, मगर पुलिस ने समय रहते इस वाहन को अन्यत्र ले जाकर खड़ा कर दिया। पथराव शुरू होने के करीब एक घंटे बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी सामूहिक रूप से जुलूस के रूप में जिला कलेक्ट्रेट रवाना हो गए। लोगों ने बाड़मेर विधायक व कलेक्टर के विरोध में नारे लगाए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने डाक बंगले में बायतु विधायक कर्नल सोनाराम से तथा जिला कलेक्ट्रेट में कलेक्टर रवि जैन से मुलाकात कर अपनी पीड़ा सुनाई।
गेहूं रोड के पास दुकानों के अतिक्रमण को हटवाया जा रहा था। इस दौरान चूनाराम बड़ा पत्थर लेकर मकान की छत पर चढ गया। बड़े पत्थर को जेसीबी पर फैंकने के दौरान चूनाराम का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। इस कारण इसे फ्रैक्चर हुआ है।
नखतदान बारहठ, उपखंड अधिकारी, बाड़मेर
मैं जयपुर में था। प्रशासन और पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का मुझे नहीं मालूम। मैंने अतिक्रमण हटाने के निर्देश नहीं दिए। पालिका ने पहले तो अतिक्रमण करवाए और अब हटवाना गलत है। गरीबों के आशियाने उजाड़े यह अच्छा नहीं किया।
मेवाराम जैन, बाड़मेर विधायक