Udaipur
सैलानियों को लुभाएगी आरटीडीसी की पांच टूरिस्ट साइट
भास्कर न्यूज Sunday, October 11, 2009 06:26 [IST]  

उदयपुर. लेकसिटी में आने वाले सैलानियों को राजस्थान पर्यटन विकास निगम की साइटसीन की सुविधा मिलने लगी है। लंबे समय के बाद आरटीडीसी की पर्यटन संबंधी विविध भ्रमण की योजना गुरुवार से मूर्त रूप ले चुकी है।



अनुबंध पर ली गई बस से सैलानियों को न केवल साइटसीन का लाभ मिल रहा है, बल्कि आसपास के पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने का भी सुनहरा मौका मिलना शुरू हो गया है। आरटीडीसी के होटल कजरी के मुख्य प्रबंधक जी.एल. मीणा ने बताया कि लंबे समय से पर्यटकों की मांग इस दिशा में उठाई जा रही थी।



निजी बसों के भरोसे थी साइटसीन सुविधा



बस के अभाव में उदयपुर लोकल साइटसीन अन्य निजी एजेंसियों के भरोस थी। जिसके कारण मुंहमांगे दामों में साइटसीन पर्यटकों की मजबूरी बन चुकी थी। आरटीडीसी के स्थानीय प्रबंधक मीणा ने बताया कि पर्यटन दृष्टि से उदयपुर अपनी विशेष पहचान रखता है। ऐसे में पर्यटकों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैय्या कराया जाना कंपनी की पहली प्राथमिकता है।



पहले दो बसें संचालित थी



आरटीडीसी की पूर्व में दो बसें संचालित थी। जो लोकल साइटसीन के अतिरिक्त उदयपुर के आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराती थी। एक बस के दुर्घटना में तथा एक के अवधि पार होने के बाद बसों का संचालन बंद कर दिया था। उसके बाद लगभग चार—पांच वर्ष नई बसों के टेंडर को लेकर निकल गए, कुछ वर्ष अनुबंधित बसों के लिए टेंडर निकालने में लग गए।



पांचों टूर के लिए बसों का संचालन



आरटीडीसी के परिवहन अधिकारी दीपक पंडच्या ने बताया कि आरटीडीसी के पांचों टूर का संचालन किया जाएगा। इसके लिए निगम ने एक निजी बस कंपनी के साथ अनुबंध किया है। अनुबंध के अनुसार सैलानियों की संख्या के अनुपात में वाहन को बस या कार के रूप में भेजा जाना सुनिश्चित किया है।



पर्यटन सीजन में सैलानियों को फायदा



जिला पर्यटन अधिकारी विकास पंडच्या ने कहा कि आरटीडीसी के टूर शुरू होने से सैलानी लाभान्वित होंगे। पूर्व में बस के अभाव में सैलानियों को महंगी दरों पर वाहन उपलब्ध होते थे। वर्तमान में पर्यटन सीजन भी है, ऐसे में यह योजना लाभदायक होगी।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: