Kota
बंद रहा कोटा
भास्कर न्यूज Sunday, October 11, 2009 06:37 [IST]  

bandकोटा. कोटा व्यापार महासंघ के आह्वान पर शनिवार को कोटा बंद रहा। कई मुख्य बाजार दिनभर पूरी तरह बंद रहे, लेकिन शाम होते-होते खुल गए। जबकि कुछ बाजारों में इक्का-दुक्का दुकानें पूरे दिन खुली रहीं। उन दुकानों को बंद कराने के लिए व्यापारियों में आपस में झड़प भी हुई।



व्यापारियों के अनुसार बंद के कारण लगभग 50 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार प्रभावित हुआ। मोहन टॉकीज रोड पर स्थित साइमन प्लाजा मार्केट में कपड़े के शोरूम कंचन सलेक्शन पर शुक्रवार को सर्वे के दौरान सेल्सटैक्स अधिकारियों व व्यापारियों में विवाद हो गया था। जिसके चलते व्यापारियों ने सेल्सटैक्स अधिकारियों को पीटा और बंधक बना लिया था।



इस दौरान पुलिस व व्यापारियों के बीच लाठी-भाटा जंग हुई थी। इस घटना को लेकर व्यापार महासंघ ने कोटा बंद की घोषणा की थी। बंद की घोषणा के चलते साइमन प्लाजा, रामपुरा, न्यू क्लॉथ मार्केट, स्वर्ण रजत मार्केट, इंद्रामार्केट, जेपी मार्केट पूरी तरह से बंद रहे। शाम को भी इन बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।



वहीं उसके निकट कैथूनीपोल चौराहे व आसपास के बाजार पूरी तरह खुले रहे। वहां बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया। गुमानपुरा, छावनी, स्टेशन, नयापुरा व विज्ञाननगर में दिनभर बाजार बंद रहा, लेकिन शाम होते-होते ये बाजार खुल गए और ग्राहकी शुरू हो गई थी। नए शहर के तलवंडी, दादाबाड़ी और महावीर नगर के बाजारों में भी बंद का असर कम नजर आया।



मुख्य वाणिज्यिकर आयुक्त करेंगे कार्रवाई



वाणिज्यिकर विभाग की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को हुई लाठीभाटा जंग के मामले में कार्रवाई के लिए कलेक्टर ने मुख्य वाणिज्यिकर आयुक्त को पत्र लिखा है। वाणिज्यिकर उपायुक्त को व्यापारियों को बुलाकर वार्ता करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर टी. रविकांत ने बताया कि व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को उनसे मिला था। व्यापारियों का आरोप था कि वाणिज्यिकर विभाग के अधिकारी जांच के दौरान धमकाते हैं। शुक्रवार को भी विभाग के अधिकारियों ने जुर्माने के अलावा अतिरिक्त राशि की मांग करते हुए व्यापारियों को धमकाया था।



व्यापारियों की समस्या व शिकायत पर कार्रवाई के लिए उनका ज्ञापन मुख्य वाणिज्यकर आयुक्त के पास भिजवा दिया है। कलेक्टर ने बताया कि घटना के मामले में दोनों ओर से पुलिस में प्रकरण दर्ज करवाए गए हैं, पुलिस अपनी जांच करेगी।



रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई



मुख्य वाणिज्यकर आयुक्त बीएन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को कोटा में हुई घटना के मामले की उन्हें अभी टेलीफोन पर ही सूचना मिली है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: