श्रीगंगानगर. आईजीएनपी के प्रथम चरण की मंडियों में बंद और प्रशासन ठप कार्यक्रम की हर गतिविधि कैमरे में कैद की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आंदोलन से प्रभावित आधा दर्जन मंडियों में पर्याप्त संख्या में वीडियो कैमरों की व्यवस्था की है। पुलिस प्रशासन आंदोलन के अगुवा नेताओं से संवाद स्थापित कर रहा है। बंद से प्रभावित मंडियों में पर्याप्त जाब्ता लगाया गया है।
प्रशासन का किसान आंदोलन के केंद्र घड़साना पर विशेष ध्यान रहेगा। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि किसान मजदूर व्यापारी संघर्ष समिति के मंडिया बंद व प्रशासन ठप कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन की ओर से एडीएम सूरतगढ़ व पुलिस की ओर से एएसपी रायसिंहनगर को प्रभारी बनाया गया है। घड़साना, अनूपगढ़, रायसिंहनगर, रावला, श्रीबिजयनगर व सूरतगढ़ में एक दर्जन से अधिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से तीन आरएसी की कंपनियां, करीब 170 कांस्टेबल, तीन दर्जन महिला कांस्टेबल और दर्जन से अधिक एसआई व एएसआई स्तर के अधिकारियों को घड़साना में तैनात किया है। किसान आंदोलन से प्रभावित अन्य मंडियों में भी पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है।घड़साना में किसान मजदूर व्यापारी संघर्ष समिति एसडीएम कार्यालय का घेराव करेगी। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम कार्यालय की 50 मीटर परिधि में बैरिकेडिंग की गई है।