हनुमानगढ़. अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा कृषि कार्य के लिए विद्युत कनेक्शन देने तथा खारा प्रणाली व साउथ घग्घर कैनाल के किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी देने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना दिया जाएगा।
सभा का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से भी मिलेगा। इसमें मांगों पर सहमति नहीं बनने पर निर्णायक आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। जिला महासचिव प्रो. ओम जांगू ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा जिले के हजारों किसानों को डिमांड नोटिस निकालकर राशि जमा करवा ली है लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं दिया जा रहा।
इसके अलावा साउथ घग्घर कैनाल व खारा प्रणाली भाखड़ा की होते हुए भी इनको इंदिरा गांधी नहर के मुताबिक पानी दिया जा रहा है। इंदिरा गांधी नहर में वर्तमान में पीने के लिए पानी चल रहा है। इसके चलते साउथ घग्घर कैनाल व खारा प्रणाली के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जा रहा।
कई गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो चुका है। खारा प्रणाली व साउथ घग्घर कैनाल को भाखड़ा के मुताबिक सिंचाई पानी देने व राशि जमा करवाने वाले किसानों को कृषि कनेक्शन देने की मांग को लेकर धरना दिया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर से वार्ता भी की जाएगी। मांगें नहीं मानने पर निर्णायक आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: किसानों के धरने को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट के बाहर बैरीकेडिंग करवाई है। डीएसपी राजेंद्रसिंह सिसोदिया ने बताया कि कलेक्ट्रेट के बाहर पर्याप्त पुलिस जाब्ता भी तैनात रहेगा। जंक्शन, टाउन व सदर थाना प्रभारी भी मौके पर तैनात रहेंगे।