Ganga Nagar
शहीद उधम सिंह की प्रतिमा दूसरी बार खंडित
Bhaskar News Monday, October 12, 2009 00:13 [IST]  

श्रीकरणपुर. श्रीगंगानगर मार्ग पर वेयर हाउस के समीप शहीद उधम सिंह की प्रतिमा खंडित करने की घटना से रविवार को श्रीकरणपुर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया।



मामले का पता लगते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और तुरंत मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस घटना को शनिवार रात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। उधम सिंह स्मारक समिति के सदस्य जगदीश सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।




जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह श्रीगंगानगर मार्ग पर वेयर हाउस के पास से गुजर रहे लोगों ने वहां लगी उधम सिंह की प्रतिमा को टूटे हुए देखा। लोगों ने फौरन घटना की सूचना पुलिस और शहीद उधम सिंह स्मारक समिति एवं इलाके के गणमान्य लोगों को दी।



पुलिस ने इलाके में अशांति फैलने की आशंका में मौके पर जाकर देखा कि प्रतिमा का एक हाथ, उसमें ली हुई बंदूक, दूसरे हाथ में रखी किताब खंडित थी, जबकि गदर्न के ऊपरी हिस्से को भी तोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस ने प्रतिमा के टूटे हुए अंशों को तुरत-फुरत कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया है।




उधर, शहीद उधम सिंह स्मारक समिति के सदस्यों ने मामले को गंभीर और अशोभनीय मानते हुए मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए आपातकालीन बैठक कृष्णचंद्र की अध्यक्षता में बुलाई। इस दौरान कड़े शब्दों में निंदा करते हुए घटना में शामिल लोगों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की। बार-बार शहीद की प्रतिमा को खंडित करने की घटना पर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही तथा इसके लिए रणनीति बनाने को लेकर समिति सदस्यों ने सोमवार दोपहर एक बजे गुरुद्वारा सिंह सभा में मीटिंग का निर्णय किया है।




पहले भी खंडित की जा चुकी है यह प्रतिमा : गौरतलब है कि शहीद की इस प्रतिमा को जुलाई 2007 में भी असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया था। जांच में स्थानीय स्कूल के कुछ छात्रों के मामले में शामिल का खुलासा हुआ था, जिसे आपसी समझाइश के बाद सुलझाया गया, लेकिन उसी तरह की दूसरी दफा हुई इस घटना को लेकर शहीद प्रेमियों ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में कृषि विपणन राज्यमंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर ने कहा कि मामले में पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: