पाली. रविपुष्य के संयोग के चलते रविवार को पाली के बाजार में जबरदस्त उछाल नजर आया।
दिनभर बाजार में धनवर्षा होती रही। लगभग हर दुकान ग्राहकों से अटी नजर आई। दुल्हन की तरह सजे बाजार में रविपुष्य के शुभ मुहूर्त के लाभ को देखते हुए खरीदारी के लिए सुबह से ग्राहकों की रेलमपेल प्रारंभ हो गई।
बाजार में दिनभर चहल-—पहल रही। देर शाम तक सोने—चांदी से लेकर बर्तन खरीद तक का दौर जारी था। लंबे अंतराल से आए इस ज्योतिषीय सुयोग के उत्साह में लोगों ने दाम के बजाय मुहूर्त को तवज्जो दी। सवेरे से ही दुपहिया वाहनों के शो-रूम के सामने रौनक बढ़ गई। सोने के बढ़े दाम के बावजूद लोगों ने इसकी खरीद में उत्साह दिखाया।
इस मुहूर्त के इंतजार में महिनों से बुक श्रृंगारिक आइटम की आज खरीद हुई। शगुन रूपी सोना व चांदी की भी खरीद अच्छी रही। इलेक्ट्रॉनिक सामान में एलसीडी व टीवी सेट खूब बिके। लगभग 60 प्रतिशत रोकड़ खरीद हुई तो 40 प्रतिशत किश्त अवस्था में।
मुहूर्त के मुताबिक चला बाजार
पुष्यनक्षत्र पर वैसे तो दोपहर तक खरीदारी का अबूझ मुहुर्त था, लेकिन फिर भी लोगों ने अलग—अलग वस्तुओं के लिए अपनी-—अपनी जरुरत के अनुसार मुहुर्त निकलवाए। इन मुहूर्त पर ही पूरे समय बाजार चलता रहा। चौघड़िए के अनुसार दोपहर में खरीदारी में कुछ कमी आई फिर शाम को भी लोगों ने खरीदारी की।
एडवांस बुकिंग करवा चुके लोगों ने भी मुहूर्त में ही अपना सामान लिया।
खूब बिके होम थिएटर और एलसीडी
लोगों को इस बार होम थिएटर और एलसीडी स्क्रीन टीवी काफी पसंद आया। जिलेभर में इनकी अच्छी बिक्री हुई। माना जा रहा है कि सस्ती दरों के कारण लोगों ने इसे पसंद किया। इसके अलावा इस बार वांशिग मशीन की भी अच्छी खरीद हुई।
सोमपुष्य आज, खरीदारी की आस
खरीदारी के एक साथ आए दो सुयोगों ने ग्राहकों के साथ व्यापारी वर्ग की भी बांछे खिला दी है। रविपुष्य को हुई बंपर ग्राहकी के बाद व्यापारियों की नजरें सोमपुष्य पर टिक गई है। व्यापारियों को इस अबूझ मुहर्त पर भी अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है।
बढ़ाई पानी की सप्लाई
दीपावली के त्योहार को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों ने अपनी तैयारियां अभी से पूरी कर दी है। उन्होंने शहर के विभिन्न मोहल्लों में पानी की आपूर्ति में बढ़ोतरी कर दी है। विभाग के सिटी जेइएन कानसिंह राणावत ने बताया कि वर्तमान में शहर के विभिन्न मोहल्लों में तीन दिन में (72 घंटे)एक बार पानी की आपूर्ति की जा रही है।
उनका कहना है कि दीपावली की तैयारियों को लेकर लोग दीपावली के कई दिन पहले अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों की साफ सफाई में जुट जाते हैं, ऐसे में उन्हें पानी की आवश्यकता अधिक रहती है। लोगों की इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अभी से शहर में पानी की स्पलाई में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी है। जो दीपावली तक जारी रहेगी।