Gwalior
पटाखे के गोदाम में आग
Bhaskar news Monday, October 12, 2009 02:26 [IST]  

burnt crackers ग्वालियर. छत्री मंडी क्षेत्र की मेहंदी वाली गली में स्थित एक आतिशबाजी गोदाम में आग लग गई। यहां एक घर के निचले हिस्से में आतिशबाजी का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।



दोपहर 12 बजे के करीब छत्री बाजार स्थित फायर सब स्टेशन को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मेहंदी वाली गली के एक घर में रखी आतिशबाजी में आग लग गई है। यह सामान धर्मेन्द्र राजपूत पुत्र रूपसिंह राजपूत ने भरा था। घटना स्थल सब स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर था, इसलिए फायर ब्रिगेड का अमला मिनटों में मौके पर पहुंच गया और यहां आतिशबाजी में लगी आग पर पानी फेंककर काबू पाया। फायर कर्मियों ने इस बात का भी ध्यान रखा कि पानी फेंकने से पूरा सामान खराब न हो जाए।



थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। आस-पास रह रहे लोगों ने बताया कि घर का ही एक बच्च आतिशबाजी के पास बैठकर चिटपटी चला रहा था। इससे निकली चिनगारी से फुलझड़ियों के पैकेट ने आग पकड़ ली। कुछ देर में आग ने गंभीर रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने जब गोदाम मालिक से लाइसेंस मांगा तो वह यह कहकर टाल गया कि लाइसेंस भाई पर है और वे बाहर गए हुए हैं। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान जब्त कर लिया।



अवैध भंडारण हादसे को न्योता: चंद रुपयों के लालच में महाराज बाड़ा क्षेत्र के आस-पास लोगों ने आतिशबाजी का अवैध रूप से भंडारण कर रखा है। उनका यह लालच आस-पास के लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।



बिना लाइसेंस पटाखे की दुकानें पुलिस ने बंद कराईं : लाइसेंस रिन्यू हुए बिना पटाखे की दुकानें लगा रहे थोक विक्रेताओं को पुलिस ने रोक दिया। जो दुकानें लग चुकी थीं, उन्हें बंद करा दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई जनकगंज थाना क्षेत्र में एक किराने की दुकान में रखे पटाखों में आग लगने की घटना के बाद की। घटना के बाद एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्रों में सतर्कता रखें तथा पटाखों के अवैध भण्डारण व विक्रय पर सख्ती से रोक लगाएं।



सराफा बाजार के ट्रांसफार्मर में आग: सराफा बाजार स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से खलबली मच गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी । जब तक छत्री बाजार सब स्टेशन से गाड़ी आ पाती, तब तक आग बुझ चुकी थी। दीपोत्सव के लिए सज रहे सराफा बाजार में रविवार को लगे ट्रांसफार्मर में चिनगारियां निकलने लगी। आग की खबर से फायर ब्रिगेड ने दो गाड़ियां यहां के लिए रवाना कीं। सूचना दुकान में आग लगने की थी, लेकिन आग ट्रांसफार्मर में लगी है। मामूली प्रयास के बाद आग बुझा दी गई।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: