Shekhawati/ Sikar
गांव के चौक पर घेरकर मार डाला
भास्कर न्यूजx Monday, October 12, 2009 03:01 [IST]  

नेछवा. चारण का बास में रविवार रात घर से खेत जा रहे एक युवक की चार-पांच हथियाबंद लोगों ने गांव के चौक पर बरछी, कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देर रात तक तहकीकात की और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। वारदात जमीन विवाद की वजह से हुई। ग्रामीणों के अनुसार भंवरलाल जाट (37) पुत्र जेसाराम रात खाना खाकर घर से खेत पर जा रहा था।



चार-पांच लोगों ने भंवरलाल का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही वह गांव के चौक पर पहुंचा, उसे घेर लिया और कुल्हाड़ी, बरछी से हमलाकर मार डाला और फरार हो गए। सूचना मिलने पर सीओ नरेंद्र मीणा और थाना प्रभारी विजेंद्र गिल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक संतोष चालके ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मरने वाले व्यक्ति की गांव के कुछ लोगों से रंजिश थी।



इस संबंध में मृतक के पुत्र ने गांव के मघाराम पुत्र रामोराम, उसके बेटे सुरेश, सुखा पुत्र जेसाराम, सुखा के दो बेटे बनवारी और रामदेवा और लाठड़ी गांव के रामचंद्र पुत्र मोतीसिंह के खिलाफ भंवरलाल की हत्या का मामला दर्ज करवाया है।



भंवर के खिलाफ दर्ज था मामला
पुलिस ने बताया कि मरने वाले भंवरलाल के खिलाफ जनवरी में गांव में रहने वाले उसके दूर के रिश्तेदार ने मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने भंवर को गिरफ्तार भी किया था। गांव के लोगों का कहना है कि भंवरलाल और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच कई बार झगड़े हो चुके हैं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: