मुंडावर. पुलिस ने कालाबाजारी के लिए एक पिकअप में ले जाए जा रहे केरोसिन से भरे पांच ड्रम पकड़े हैं।
केरोसिन पकड़े जाने की सूचना रसद विभाग को दी गई है। थाना प्रभारी कमलप्रसाद मीणा ने बताया कि बीती रात एएसआई नरसिंह पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान मंढ़ा-गढ़ी सड़क मार्ग पर खैरथल का रहने वाला मुश्ताक मेव एक पिकअप में पांच ड्रम केरोसिन ले जाता मिला। पूछताछ करने पर वह केरोसिन के बारे में संतोषपूर्ण जवाब नहीं दे सका।
इस पर पुलिस ने पिकअप व केरोसिन जब्त कर इसी सूचना रसद विभाग को दे दी।दूसरी ओर, केरोसिन पकड़े जाने को लेकर मंढ़ा गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार केरोसिन पकड़े जाने के बाद मंढ़ा गांव के डीलर के साथियों ने राधेश्याम व उसके भाई सुरेश कुमार पर लाठियों से हमला कर दिया। इस संबंध में राधेश्याम ने हुकम व हनुमान वगैरह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।