सीकर/किशनगढ़. सीकर से राजगढ़ भैरव मंदिर दर्शन के लिए निकले यात्रियों से भरी पिकअप रोड पर खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। जिससे पिकअप चालक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई वहीं एक घायल ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीकर से पिकअप में करीब 10 जने सवार होकर राजगढ़ भैरव मंदिर के लिए रवाना हुए थे। रविवार सुबह 4.30 बजे तेज गति से चल रही पिकअप रलावता के आगे कालीडूंगरी के पास राजा गार्डन के सामने सड़क के किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। जिससे पिकअप चालक महिपाल(35) पुत्र हीरालाल सैनी जीप में ही फंस गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस व 108 एंबूलेंसकर्मियों ने घायलों को तत्काल राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायल सीकर निवासी सुलोचना (40) पत्नी नानूराम सैनी, दुर्गा देवी(45) पत्नी दुर्गालाल खटीक, श्योपाल(45) पुत्र मोदूराम खटीक, संगीता(21) पत्नी द्वारका प्रसाद खटीक, चिरंजीलाल (32) पत्नी बादूराम खटीक, कांता(45) पत्नी रिछपाल खटीक, विजय(19) पुत्र दुर्गालाल खटीक, नानू राम (45) पुत्र परतूराम माली एवं झुंझुनु निवासी लक्ष्मीदेवी (40) पत्नी बजरंग लाल सैनी को उपचार के लिए भर्ती कर लिया।
उपचार के दौरान दुर्गा देवी(45) पत्नी दुर्गालाल खटीक की मृत्यु हो गई वहीं गंभीर हालत होने के कारण लक्ष्मीदेवी को अजमेर जेएलएन के लिए रैफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डर गया सो मर गया
जीप में सवार यात्रियों ने बताया कि चालक महिपाल गाड़ी तेज चला रहा था। इसी दौरान उसे सामने ट्रेलर खड़ा नजर आया। वह उसे ओवर टेक करता उससे पूर्व ही उसके बराबर में दूसरा वाहन नजर आ गया। जिसे देखकर चालक घबरा गया और उसने वाहन को कंट्रोल करने के बजाय खलासी साइड से कूदने का मानस बना लिया। स्टेयंिरंग
छोड़कर कूद पाता उसके पहले ही पिकअप ट्रेलर में जा घुसी। बदकिस्मती यह रही कि गाड़ी खलासी साइड से ही टकराई।
जिससे मौत के डर के कूदने का प्रयास करने वाला चालक ही सबसे पहले मौत का शिकार हुआ। चालक का एक हाथ व पांव मौके पर ही कट गया और जीप में फंस गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर में घुसी हुई पिकअप को बाहर निकवाकर शव को चीरघर में भिजवाया। शहर पुलिस ने मृतक दुर्गादेवी व चालक महिपाल के शव को चीरघर में सुरक्षित रखवा दिया था। बाद में मृतकों के परिजन आने पर शवों को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए।