खैरथल. केन्द्रीय भूतल व परिवहन राज्यमंत्री महादेवसिंह खंडेला ने कहा है कि सरकार का प्रतिदिन 20 किमी सड़क निर्माण का लक्ष्य है।
इसके तहत एक वर्ष में देशभर में साढ़े सात हजार किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जाएंगी। राज्य में भी सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। रविवार को यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे बनाने की योजना है।
इसके तहत भरतपुर-सीकर वाया अलवर-बानसूर-कोटपूतली सड़क मार्ग पर साढ़े सात हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नेशनल हाईवे पर जयपुर और गुड़गांव के बीच 6 लेन का कार्य शुरू हो गया है। अलवर-कोटकासिम सड़क मार्ग को स्टेट हाईवे बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।
इसके लिए राज्य सरकार से नई सड़कों के प्रस्ताव लिए जा रहे हैं। प्रस्ताव मिलने पर उन्हें मंजूर कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। खंडेला ने सरिस्का मार्ग को अदालत का मामला बताया।
वसुंधरा को जाना होगा : मील
पत्रकार वार्ता में जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष राजाराम मील ने कहा कि जाट समाज प्रदेश में सबसे बड़ा समाज है। इसलिए जाट को मुख्यमंत्री बनाने की समाज की मांग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे अब जाटों की बहू नहीं हैं। उनको विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा देना पड़ेगा और राजस्थान छोड़कर जाना होगा।
यहां महावर धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व जिला प्रमुख दीपचंद खैरिया, पीसीसी सदस्य अशोक डाटा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश डाटा, पार्षद मोहनलाल, योगेश गुर्जर, नारायण छंगाणी, मेहरदीन खां, कपिल शर्मा व भवानीसिंह आदि ने भी विचार रखे। पीसीसी सदस्य अशोक डाटा ने खैरथल कस्बे में किशनगढ़ रोड से मातोर रोड बाईपास, अलवर सड़क मार्ग वाया घाटला-पड़ीसल के निर्माण के संबंध में केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन दिया।