सीकर. विद्युत निगम ने ग्रामीण इलाकों की सप्लाई के समय को बढ़ाने के लिए व सभी इलाकों में समान बिजली देने के लिए फीडर योजना का सही ढंग से निगरानी करने का फैसला लिया है। इस संबंध में हाल ही में निगम मुख्यालय पर हुई बैठक में सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए गए है।
निगम का मानना है कि यदि फीडर सप्लाई में सुधार होता है, तो ग्रामीण उपभोक्ताओं को सरकार की घोषणा के अनुसार बिजली मिल सकेगी। जानकारी के अनुसार बिजली निगम को उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार बिजली सप्लाई करने के लिए करीब 75 लाख यूनिट बिजली की आवश्यकता होती है। इस समय जिले को करीब 60 लाख यूनिट बिजली मिल रही है। ऐसे में सभी इलाकों में निगम जनसंख्या के हिसाब से रोजाना कटौती करता है। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी गांवों में समान कटौती के लिए तीन फीडर बनाए गए है।
एक फीडर का समय करीब आठ घंटे तय किया गया है, जिससे उस इलाके को सिंगल फेस व सिंचाई के लिए सरकार की घोषणा के अनुसार बिजली मिल सकेगी। जिले की तीन सर्किलों की फीड़रों की सही ढ़ग से निगरानी नहीं होने के कारण जिले के ग्रामीण इलाकों में समान रुप से बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है।