Alwar
बाजार में आया बूम
Bhaskar News Monday, October 12, 2009 03:20 [IST]  

अलवर. सोमवार को कार्तिक मास का पहला पुष्य नक्षत्र है।




अमृत पुष्य व चन्द्र पुष्य का यह अनूठा संयोग समृद्धि का शुभ संकेत वाला है। इसलिए इसे खरीदारी के लिए शुभ माना जा रहा है। पुष्य नक्षत्र पर विशेष रूप से सजे बाजारों में ग्राहक उमड़ने लगे हैं। रविवार को दिनभर जहां बाजारों में रौनक रही वहीं व्यापारियों ने सोमवार को पुष्य नक्षत्र होने पर अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई है। रविवार को भी लोगों ने मुहूर्त में खरीदारी की और सोमवार को पुष्य नक्षत्र के शुभ योग में खरीदने के लिए सामान बुक कराया।




शहर के बाजारों में काफी दिनों से कमजोर ग्राहकी का सिलसिला पुष्य नक्षत्र का शुभ मुहूर्त आने से रविवार को टूट गया। शहर के तिलक मार्केट, बजाजा बाजार, होपसर्कस, वीर चौक, रोड नं.2 और सर्राफा बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी । पुष्य नक्षत्र का असर सभी तरह के बाजारों में देखा गया। रेडीमेड गारमेंट्स, साड़ियों और इलेक्ट्रोनिक आइटम की दुकानों पर भीड़भाड़ रही। रविवार को दीपावली की खरीदारी का श्रीगणोश होने से दुकानदारों के चेहरों पर भी चमक साफ देखी गई। रविवार को ग्राहकी निकलने से सोमवार को भी व्यापारियों ने खासी बिक्री की संभावना बताई है।




ग्राहकों ने बताया कि पुष्य नक्षत्र में खरीदारी करने की शुभता का लाभ लेने के लिए उन्होंने यह दिन चुना। टीवी खरीद रही एक महिला ने बताया कि वे धनतेरस पर नया टीवी घर लाना चाहती थीं लेकिन पुष्य नक्षत्र की वजह से रविवार को ही बुक करा दिया। इसी तरह युवा मोबाइल खरीदते देखे गए तो महिलाएं साड़ियां खरीदती दिखाई दीं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: