कोटा. राजस्थान हाईकोर्ट बैंच की स्थापना की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे वकील राजनीतिक दलों के साथ मिलकर सोमवार 12 अक्टूबर को नेशनल हाइवे 12 एवं 76 पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम करेंगे।
यह जाम उन्हें पुलिस द्वारा हटाए जाने तक जारी रहेगा। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक भी हुई।
समिति के संयोजक ब्रrानंद शर्मा ने बताया कि बूंदी रोड पर कुन्हाड़ी पेट्रोलपंप के पास, बारां रोड पर बोरखेड़ा में व झालावाड़ रोड पर अनंतपुरा पर सुबह 10.30 बजे से अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा। इसमें भाजपा, कांग्रेस, राजस्थान ट्रेड यूनियन, शिवसेना, सीआईटीयू, बहुजन समाज पार्टी, सीपीएम, एमसीपीआई (युनाइटेड) सहित अन्य पार्टियो के पदाधिकारी शामिल होंगे।
ड्रेस में रहेंगे वकील
शर्मा ने बताया कि वकील ड्रेस में सुबह साढ़े दस बजे चक्काजाम स्थल पर पहुंचकर रास्ता रोकेंगे। यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान कोर्ट परिसर के दोनों दरवाजों पर ताला लगा रहेगा। वहां भी संघर्ष समिति के कुछ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
ये करेंगे नेतृत्व
-झालावाड़ रोड पर अनंतपुरा में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल
-बारां रोड पर बोरखेड़ा में विधायक भवानीसिंह राजावत
-बूंदी रोड पर कुन्हाड़ी में विधायक ओम बिरला, कांग्रेसी नेता पंकज मेहता एवं शिवसेना के उपप्रमुख पदम जैन, राजस्थान ट्रेड यूनियन के संभागीय महामंत्री तारकेश्वरनाथ तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इनके साथ वकील भी रहेंगे।
देहात भाजपा की हुई बैठक
वकीलों के समर्थन में जाम लगाने की तैयारियों को लेकर रविवार को बालाकुंड में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल की अगुवाई में बैठक हुई। इसमें जिला प्रमुख कमला मीणा, देहात अध्यक्ष विद्याशंकर नंदवाना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
मजिस्ट्रेट तैनात
वकीलों व राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों द्वारा जाम लगाने की घोषणा को देखते हुए प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी दिनेश जैन, सांवरमल वर्मा व बीएल यादव यह व्यवस्था देखेंगे। इसके साथ ही आनंदीलाल वैष्णव, अंबिका दत्त सोनी व महेन्द्र प्रकाश शर्मा डीएसपी के साथ मौके पर तैनात रहेंगे।
मुकदमा दर्ज किया जाएगा
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि गुर्जर आंदोलन के दौरान से राष्ट्रीय राजमार्ग रोकने पर मुकदमा दर्ज करने का प्रावधान हो गया है। सोमवार को जाम लगाने पर संबंधित वकीलों व नेताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।