Ajmer
कातिल कौन, पुलिस मौन
Bhaskar News Monday, October 12, 2009 04:53 [IST]  

अजमेर. अलवर गेट न्यू कॉलोनी की रहने वाली वंदना नागरानी की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस को रविवार को कोई विशेष सफलता नहीं मिली।



मृतका के धड़ की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता के मद्देनजर नॉर्थ सर्किल के सभी एसएचओ को तफ्तीश में शामिल किया गया है। परिवारजन, तथाकथित तांत्रिकों और आसपास के लोगों से गहनता से पूछताछ के बाद भी अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है।




कत्ल का तरीका सीरियल जैसा?



इसी सप्ताह एक टीवी सीरियल में जिस तरह से हत्या का मामला दिखाया गया था, वंदना नागरानी हत्याकांड में तरीका ए वारदात उससे काफी मिलता जुलता है। सीरियल में दिखाया गया था कि एक युवती की हत्या कर उसके शरीर के बारह टुकड़े कर शहर की झीलों के आसपास डाल दिए गए।



कातिल ने बड़े ही शातिराना अंदाज में युवती की हत्या की, फिर सबूत मिटाने के लिए उसके शरीर के टुकड़े कर एक बोरे में भरकर कार में रखे और देर रात एक एक टुकड़ा अलग अलग झीलों के आसपास व सुनसान इलाकों में फेंक दिया। सीरियल में मृतका का धड़ एक सूटकेस में डालकर सुनसान जगह पर फेंका गया था। सीरियल में मामले का खुलासा गहनता से की गई तफ्तीश के बाद किया गया।



शातिर हत्यारे ने गुमराह करने के लिए मृतका को तंत्र मंत्र से जुड़ा होना साबित करने की कोशिश भी की। बाद में टीम ने मामले का खुलासा करते हुए पहले मृतका के शरीर के सभी टुकड़े बरामद किए गए। फिर हत्या की वजह सामने आने के बाद सबूत जुटाकर टीम कातिल तक पहुंची। वंदना नागरानी हत्याकांड का तरीका भी सीरियल जैसा ही नजर आता है। हालांकि पुलिस तफ्तीश के बाद ही वारदात की हकीकत सामने आएगी।




मामला एक नजर...



क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार शनिवार शाम लोगों ने सूचना दी कि रामप्रसाद घाट के निकट कचरे में महिला का कटा सिर पड़ा है। बाद में मृतका की पहचान वंदना नागरानी (31) पत्नी महेश गोविंदानी के रूप में हुई थी।



वंदना के पिता न्यू कॉलोनी निवासी देवीदास नागरानी ने जेएलएन अस्पताल पहुंचकर कटे सिर की पहचान पुत्री के रूप में की। देर रात मृतका का दाहिना पैर फॉयसागर झील के पास मिला था। पुलिस तफ्तीश में यह बात सामने आई थी कि वंदना 2 वर्ष से पति से अलग होकर पीहर में रह रही थी।



अब तक की तफ्तीश



वंदना के कत्ल के मामले में पुलिस को प्रारंभिक तफ्तीश में कोई महत्वपूर्ण सुराग हासिल नहीं हुए। वंदना के कमरे में मिली डायरी में लिखे तांत्रिक और ज्योतिषियों के संपर्क नंबरों, वंदना के मोबाइल नंबर की कॉल डीटेल निकालने पर वंदना के लगातार उनसे संपर्क की बात सामने नहीं आई।



वंदना का जिन चिकित्सकों ने इलाज किया पुलिस ने उनसे बातचीत कर यह जानकारी जुटाई है कि वह कौनसे रोग से पीड़ित थी।
तफ्तीश सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। हत्यारे को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि इस हत्याकांड से जुड़ी कोई जानकारी उनके पास है तो पुलिस को सूचित करें - हरिप्रसाद शर्मा, एसपी

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: