Ajmer
दो बच्चें सहित मां कुएं में कूदी
Bhaskar News Monday, October 12, 2009 05:04 [IST]  

केकड़ी . मेवदाकलां गांव में एक महिला ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी।



मृतका सूरतादेवी अपने दोनों बच्चों के साथ शनिवार सुबह से ही लापता थीं। रविवार सुबह उनके शव खेत पर बने कुएं में मिले। पुलिस ने मृतका के पिता की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।



पुलिस के मुताबिक गोपाल जाट की पत्नी सूरतादेवी (27) शनिवार सुबह पुत्री संजू (6) व पुत्र कालू (4) को साथ लेकर घर से निकली। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर गोपाल व परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की।



रातभर तलाशी के बावजूद उसका पता नहीं चला। रविवार सुबह किसी ने बताया कि सूरतादेवी को खेत की ओर जाते देखा गया। तलाश करने पर परिजनों व ग्रामीणों को कुएं पर सूरतादेवी की चप्पल पड़ी मिली। अंदर झांकने पर उसमें संजू का शव नजर आया।




पुलिस अधिकारी पहुंचे : सूचना पाकर थानाप्रभारी राजेंद्र त्यागी ने उच्चधिकारियों को अवगत करवाया तथा स्वयं मौके पर पहुंचे। डीएसपी पवन मीणा, तहसीलदार लक्ष्मीनारायण परिहार, नायब तहसीलदार यशवंत शर्मा भी वहां आ गए। पुलिस ने सूरतादेवी के पिता मेवदाखुर्द निवासी रामधन जाट को भी सूचित कर दिया। कुएं में पानी ज्यादा होने के कारण शव निकालने में परेशानी हुई। इस पर पुलिस ने पंप सेट लगवाए। कुछ देर बाद कालू का शव कुएं में नजर आया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद तीनों शव बाहर निकाले जा सके।




पोस्टमार्टम पर अड़े दोनों पक्ष :
कुएं से शव बाहर निकालने के बाद मृतका के ससुराल पक्ष व ग्रामीणों ने मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाने की मांग की, जबकि मृतका के पिता व अन्य सदस्य मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की बात पर अड़ गए। करवाने की बात कही। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा मेवदाकलां सरपंच अंबालाल मीणा व सरसड़ी सरपंच रामकुमार गुर्जर ने समझाइश की।




मामला बिगड़ता देख डीएसपी ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम का निर्णय किया। केकड़ी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर दोनों पक्षों की रजामंदी से शव ससुराल पक्ष को सौंप दिए गए। इसके बाद मां व बच्चों का सामूहिक रूप से दाह संस्कार कर दिया गया।




दो माह पूर्व आई थी ससुराल



पुलिस के मुताबिक रामधन का कहना है कि सूरतादेवी को ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करते थे। इसीलिए वह एक साल पीहर में रही। दोनों पक्षों में समझौता होने पर वह 2 माह पूर्व ही ससुराल लौटी थी। अब प्रताड़ित किए जाने पर ही सूरतादेवी ने आत्महत्या की है।



थानाप्रभारी राजेंद्र त्यागी ने बताया कि रामधन की रिपोर्ट पर मृतका के ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: