बीकानेर . हाइकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। रैली, जूलूस, धरना और क्रमिक अनशन के बाद अब वकील गिरफ्तारियां देंगे। यह निर्णय रविवार को हुई संभागीय संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया। बीकानेर बार एसोसिएशन के बैनर तले न्यायालय परिसर में दोपहर एक बजे हुई बैठक में राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हर वक्ता ने आंदोलन को तेज करने और हर हाल में अपना हक हासिल करने की बात कही। बैठक में वकीलों ने आंदोलन की आगामी रूपरेखा तैयार करने के लिए विचार विमर्श किया और गिरफ्तारियां देने के मुद्दें पर सैद्धान्तिक सहमति बनी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि गिरफ्तारी आंदोलन में राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को शामिल किए जाने और आंदोलन की आगामी रूपरेखा पर अंतिम निर्णय को लेकर 14 अक्टूबर को फिर से बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में कोलायत विधायक देवीसिंह भाटी, बीकानेर पश्चिम क्षेत्र के विधायक गोपाल जोशी, पूर्व मंत्री महबूब अली, नागरिक मंच के मुश्ताक अली भाटी, अब्दुल मजीद खोखर, श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष रामेश्वर पारीक, भाजपा के शहर अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी, उम्मेदसिंह, युधिष्ठिरसिंह भाटी, माकपा के नगर कमेटी सचिव पूर्णानंद व्यास, जुगल खड़गावत, लूणकरणसर के उपप्रधान शिवरतन शर्मा आदि ने भाग लिया। वहीं दूसरी ओर धरना स्थल पर वकीलों का क्रमिक अनशन भी 41 वें दिन जारी रहा। क्रमिक अनशन पर बैठे एडवोकेट त्रिलोचन शर्मा, पाश्र्वनाथ सिद्ध, पवन बिoAोई, रोहित खन्ना, अतुल भटनागर, राघवेन्द्रसिंह, दिवाकर शर्मा का वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनारायण आचार्य और शहीद मेजर जेम्स थॉमस की मां मेरी कुट्टी ने स्वागत किया। जिला उपभोक्ता संरक्षण समिति के महामंत्री हनुमानदास किराड़ू ने भी हाइकोर्ट बैंच के लिए किए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया है।किराड़ू ने बताया कि समय रहते हाइकोर्ट बैंच नहीं खोली गई तो समिति के कार्यकर्ता मंत्रियों को बीकानेर आने पर काले झण्डे दिखाएंगे।