जबलपुर. एलबम में काम करने का ऑफर देने के बाद दिल्ली निवासी महिला को ब्लैकमेल करने वाले जबलपुर निवासी युवक को जब लार्डगंज पुलिस ने महिला की शिकायत पर दबोचा तो युवक ने थाने में महिला से उसके परिवार के सामने माफी मांग ली।
युवक द्वारा दोबारा तंग न करने की बात पर महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी 30 वर्षीय महिला दोपहर लगभग दो बजे अपनी मां केसाथ लार्डगंज थाने पहुंची। महिला ने बताया कि उसे गढ़ाफाटक निवासी गोलू अहिरवार अपनी पत्नी बताकर ब्लैकमेल कर रहा है। महिला ने बताया कि वह पहले आर्केस्ट्रा में गोलू अहिरवार के साथ काम करती थी। वर्ष 2002 में उसका विवाह दिल्ली में हो गया।
वह अपने पति के साथ रह रही थी। लगभग दो माह पूर्व गोलू ने महिला को एलबम में काम करने का ऑफर दिया। जब एलबम बन गया तो गोलू उसकी ससुराल में फोन करने लगा और महिला के साथ उसकी शादी होने की बात उसने बताई। युवक लगातार महिला को फोन पर तंग कर रहा था, इसलिए महिला एवं उसकी मां ने रविवार की दोपहर लार्डगंज थाने में शिकायत की।