जयपुर/बीकानेर . त्योहारी खरीद में आए नए उत्साह ने कारोबारियों मंे नया जोश भर गया है। बाजारों में ग्राहकों की उमड़ रही भीड़ से उनके चेहरे खिल गए हैं। सोमवार को सर्वार्थसिद्धि योग और पुष्य नक्षत्र एक साथ आने से खरीदारी का महायोग बनेगा। इस मौके पर लोग खरीदारी कर पुष्य नक्षत्र का शगुन मनाएंगे। सोमवार को दिनभर पुष्य नक्षत्र रहने से लोगों को खरीदारी के लिए पूरा मौका मिलेगा। बाजारों की रौनक देखकर व्यापारियों ने राज्य में पुष्य नक्षत्र पर करीब 275 करोड़ रुपए के काराबोर का अनुमान व्यक्त किया हैं। उधर रविपुष्य योग पर रविवार को दिनभर बाजारों में भीड़ रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार रविपुष्य पर भी राज्य में 75 से 100 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
सोम पुष्य नक्षत्र के लिए बीकानेर में भी बाजार सज गए हैं। कोटगेट, केईएम रोड, तोलियासर भैरुजी की गली, बड़ा बाजार, तेलीवाड़ा का सर्राफा बाजार हो या कॉलोनियों के छोटे-छोटे बाजार हर कोई दुल्हन की तरह सज कर तैयार हो चुके हैं। वहीं दीपोत्सव के नजदीक होने के बाद इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा, सर्राफा बाजारों में दिनभर चहल-पहल नजर आने लगी है।
सोमवार को पुष्य नक्षत्र पर जौहरी बाजार, चांदपोल बाजार, लालजी सांड का रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, दड़ा मार्केट, खजाने वालों का रास्ता, नेहरू बाजार, बापू बाजार, इंदिरा बाजार, जयंती बाजार, राजापार्क, विभिन्न मॉल्स और शहर के अन्य इलाकों के बाजारों में भीड़ रहेगी।
इस दौरान लोग इलेक्ट्रॉनिक आइटम, वाहन, रत्नाभूषण, कंप्यूटर, मोबाइल, प्रोपर्टी, गारमेंट, बर्तन, बही खाते, फर्नीचर सहित अन्य आइटम घर लाकर दिवाली की खुशी मनाएंगे। राजस्थान इलैक्ट्रानिक्स ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश कालानी और महासचिव कमल कंदोई के अनुसार पुष्य नक्षत्र के अवसर पर रविवार को प्रदेश भर से इलैक्ट्रानिक्स उत्पादों की बिक्री में खास तेजी रही। ग्राहकों ने उत्पादांे का अवलोकन किया और तकनीकी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादों की शार्टेज होने की संभावना से रविवार को ही बुकिंग करा ली और अब सोमवार को इनकी डिलीवरी ले लेंगे। कालानी ने कहा कि पुष्य नक्षत्र के अवसर पूरे राज्य में 50 करोड़ रुपए की बिक्री होने की उम्मीद है जिसमें से आधा कारोबार ग्रामीण इलाकों में हो सकेगा। अकेले जयपुर मंे ही 20 करोड़ रुपए की बिक्री सोमवार को होने का अनुमान है।
मोबाइल और लेपटॉप की बिक्री में भी तेजी आ गई है। सेमसंग के नेशनल डिस्ट्रीब्यूटर मै. आदित्य के निदेशक समीर सोमानी के अनुसार दिवाली तक 150 करोड़ रुपए के मोबाइल राज्य में बिकने का अनुमान है। इसमें सोमवार से लेकर अगले पांच दिन में 70 करोड़ रुपए से अधिक की सेल आने की उम्मीद है। अकेले सोमवार को ही 15 करोड़ रुपए से अधिक की मोबाइल बिक्री राज्यभर मंे होगी जिसमें जयपुर 8 से 10 करोड़ रुपए की सेल करेगा। पांच करोड़ रुपए की सेल लेपटॉप और कम्प्यूटर्स से आने की उम्मीद है।
आसान दरों पर फाइनेंस और किफायती कीमतों ने प्रोपर्टी बाजार की रौनक लौटा दी है। दिवाली के अवसर पर प्रोपर्टी के ग्राहकांे के मन में अपने नए घर में लक्ष्मी का स्वागत करने का उत्साह है। एआरजी ग्रुप के चेयरमैन आत्माराम गुप्ता के अनुसार दिवाली तक राज्य का प्रोपर्टी बाजार 200 करोड़ रुपए के पार चला जाएगा। पुष्य नक्षत्र के मौके पर राज्य भर में 100 से 125 करोड़ रुपए के प्रोपर्टी सौदे होने का अनुमान है जिनमें आवासीय और कामर्शियल दोनों शामिल हंै। अकेले जयपुर में यह कारोबार 50 से 75 करोड़ रुपए का आंका गया है।
रेडीमेड और कपड़ों के रिटेल व थोक कारोबारियों को भी पुष्य नक्षत्र पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। जयपुर टैक्सटाइल एसोसिएशन के पूर्व मंत्री राजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार को राज्यभर में 15 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है जिसमंे जयपुर का योगदान आधे से अधिक बैठेगा। उनके अनुसार रविवार को रिटेल कारोबारियों के यहां ग्राहकों की अच्छी खासी चहल—पहल रही।
ऑटोमोबाइल उद्योग को पुष्य नक्षत्र पर ग्राहकांे की जोरदार मांग निकलने की उम्मीद है। हीरो हांेडा और हुंडई के डीलर डॉ. लाल मोरानी के अनुसार सोमवार को वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए रविवार को ही काफी बुकिंग हो गई। उनके अनुसार राज्य भर में 25 से 30 करोड़ रुपए के वाहन बिकंेगे जिनमें दुपहिया व चार पहिया दोनों शामिल हैं। जयपुर में यह आंकड़ा 15 करोड़ रुपए से अधिक का बैठने का अनुमान है।
सावांे के साथ ही दिवाली की मांग भी निकलने से रत्नाभूषण कारोबार में तेजी का दौर देखा जा रहा है। जयपुर चैंबर आफ कामर्स के मंत्री अजय काला के अनुसार प्रदेश भर में सोने—चांदी का कारोबार सोमवार को 50 करोड़ रुपए का रहने की संभावना है जिसमें जयपुर 15 से 20 करोड़ रुपए का योगदान देगा। इसके अलावा 30 से 35 करोड़ रुपए का कारोबार अन्य वस्तुओं का रहने की उम्मीद है।