बीकानेर दैनिक भास्कर की ओर से शुरू किए गए ‘रू-ब-रू’ अभियान के तहत रविवार को भास्कर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड नंबर सात, आठ, नौ, 23 और 24 के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में जहां वार्ड नंबर आठ के पार्षद जितेंद्रसिंह रायसर ही पहुंच पाए वहीं सभी सरकारी अधिकारी पहुंचे। बड़े वार्ड होने की वजह से पुलिस और जलदाय विभाग से दो-दो अधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों की समस्याओं को सुनने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक बैठे रहे अधिकारियों ने सभी की समस्याओं को सुना और यह भी बताया कि समस्या के समाधान के लिए क्या-क्या प्रयास किए गए। खासतौर से कॉलोनियों वाले इन वार्डो से आए लोगों ने अपनी पीड़ाएं जाहिर की।
नगर निगम के महापौर मकसूद अहमद और आयुक्त (प्रशासन) के.एम.दुड़िया, आयुक्त विजेंद्र कामरा, स्वास्थ्य अधिकारी हनुमानाराम पंवार और कार्यालय अधीक्षक बजरंगसिंह खींची सहित इस कार्यक्रम में नगर विकास न्यास के सहायक अभियंता प्रेम वशिष्ठ, जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना से उपनिरीक्षक रमेश सर्वटे और सदर थाना से सुभाष चंद्र, विद्युत निगम से कनिष्ठ अभियंता भूपेंद्रसिंह, सहायक अभियंता जलदाय विभाग से अरुण पांडे, रवि राजवंशी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवेंद्र चौधरी, रसद विभाग के प्रवत्र्तन निरीक्षक वेदप्रकाश बंसल, आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता नवनीत जैन उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में भास्कर के विशेष संवाददाता नवीन शर्मा ने कहा कि समस्याओं को समझने और उनके निदान के लिए एक प्रयास है। भास्कर के कार्यकारी संपादक मधु आचार्य ने कहा कि अधिकारियों का तबादला हो सकता है, जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा लेकिन जनता और दैनिक भास्कर यहीं रहेंगे। भास्कर आपकी समस्याओं को समाधान तक पहुंचाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम में शशि शर्मा, बटुकनाथ पुरोहित, बrादत्त गहलोत भी उपस्थित थे।