बेंगलुरू. फिल्म कुली की शूटिंग के समय अमिताभ बच्चन को लगी चोट के बारे में सभी लोगों को पता है। वर्ष 1983 में उनका ईलाज बेंगलुरू के एक अस्पताल में हुआ। इस दौरान उनकी सेवा में तीन नर्स थीं। जिनमें से जूली नाम की एक नर्स भी थी।
जूली सेंट फिलोमेना अस्पताल में चौबीसों घंटे बिग बी की सेवा सुश्रुषा में लगी रहती थी। उसकी इस सेवा से बिग बी इतने खुश हुए कि वे उस नर्स को अब तक नहीं भूले हैं। लेकिन अब इस नर्स ने बिग बी से मदद मांगी है।
इस नर्स की उम्र अब लगभग 57 वर्ष हो चुकी है। इसे उसके बेटे व बहन ने घर से निकाल दिया है। और अभी यह एक चैरिटी ट्रस्ट द्वारा संचालित एक निराश्रित गृह में रह रही है। जूली इतनी बीमार है कि अपने बेड से उठ भी नहीं सकती। उसके पास अपना ईलाज करवाने के लिए पैसा भी पैसा नहीं है।
वर्ष 2008 में अस्पताल में भर्ती की गई जूली की बीमारी की खबर सुनकर बिग बी ने दो लाख रूपए का चेक भेजा था और साथ ही जल्द स्वस्थ होने का शुभकामना संदेश भी भेजा था। लेकिन बिग बी के भेजे गए पैसे उसे दिए ही नहीं गए।
इस बात की पुष्टि जूली ने खुद भी की है कि पिछले वर्ष भी बिग बी का भेजे गए दो लाख रूपए में से एक भी पैसा उसे नहीं मिला। जूली को अमिताभ ने मोतियों की माला उपहारस्वरूप दी थी जिसे उसके बेटे व बहन ने छीन लिया।