पाली. सोमपुष्य के साथ ही लक्ष्मीयोग के बनने के सोमवार को नगर के सभी बाजार गुलजार रहे।
देर शाम तक दुकानों पर खरीदारों का रेला उमड़ा। इस अवसर पर रिकार्ड बिक्री होने का दावा व्यापारियों की ओर से किया जा रहा है। लोग इलेक्ट्रोनिक, सोना, चांदी एवं वाहन आदि खरीदते नजर आए।
खरीदारी का दौर चलने के बाद दुकानदारों ने भी पिछले काफी समय से चल रही मंदी की मार से राहत पाई है। माना जाता है कि पुष्य नक्षत्र पर किया गया नया कार्य व्यर्थ नहीं जाता तथा घर में सुख समृद्धि होती है।
मुहूर्त के अनुसार खरीदारी
बाजारों में सवेरे से रौनक बनी रही। जैसे जैसे मुहूर्त का समय आता गया लोगों ने अपनी आवश्यकतानुसार खरीदारी की। लोग अपने परिवार के साथ बाजार पहुंचे। अधिकांश लोगों ने इलेक्ट्रोनिक एवं ज्वैलरी में रूचि दिखाई।
तैयारियां धनतेरस की
पुष्य नक्षत्र और ग्राहकों के रुझान को देखते हुए हुए व्यापारियों ने अब धनतेरस की तैयारी की है। जिसे लेकर बाजार में लगभग हर प्रकार का सामान उपलब्ध है। इतना ही नहीं इस बार बाजार में दुकानदारों ने नई वैरायटी तथा क्वालिटी की वस्तुओं को तवज्जो दी है।