Pali
देवासी समाज का आमरण अनशन शुरू
Bhaskar News Tuesday, October 13, 2009 01:23 [IST]  

पाली. मध्यप्रदेश के मंदसौर में पाली के पशुपालकों के साथ हुए अत्याचार के खिलाफ देवासी समाज के लोग सोमवार को कलेक्ट्री कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।



दोपहर में समाजजनों ने केशव नगर से कलेक्ट्री तक रैली निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन दिया। अकाल की मार से पलायन करने वाले देवासी समाज के पशुपालकों के साथ गत दिनों मध्यप्रदेश के मंदसौर में मारपीट की घटना हुई थी। मंदसौर के वन विभाग के कर्मचारियों ने पशुपालकों को घेरकर मारपीट की और झूठे मुकदमे दर्ज किए।




मध्यप्रदेश प्रशासन के खिलाफ तथा पशुपालकों की जान—माल की सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को देवासी समाज संघर्ष समिति के लोगों ने कलेक्ट्री के समक्ष भूख हड़ताल की। दोपहर 12 बजे से समाज के छोगाराम, हापुराम, तेजाराम, बिठू सरपंच डूंगरराम, बाबूलाल, लाबुराम, उदाराम और धन्नाराम ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। आस—पास गांवों से देवासी समाज के ढाई सौ लोग केशवनगर में एकत्रित हुए थे।




केशव नगर से समाज के लोग रैली निकालते हुए कलेक्ट्री पहुंचे और कलेक्टर डॉ. पृथ्वीराज को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। धरना स्थल पर समाज बंधुओं को संबोधित करते हुए हापुराम देवासी ने कहा कि मध्यप्रदेश गए पशुपालकों को 2000 भेड़ों व 900 मेमनों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जो मानवता व कानून के खिलाफ है। जब्त की भेड़ों में से भी 300 भेड़ें गायब हैं और डेढ़ सौ मेमनों की भूख—प्यास से मौत हो चुकी है।



यह पशुक्रूरता का सबसे बड़ा उदाहरण है। देवासी समाज ने राजस्थान सरकार से मध्यप्रदेश सरकार पर दबाव बनाकर पीड़ित पशुपालकों को राहत दिलाने की मांग की। वहीं पशुपालकों पर अत्याचार करने और झूठे मुकदमे दर्ज करने वाले वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सभा को तेजाराम, प्रेमाराम, रतनाराम आदि ने संबोधित किया।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: