Kota
‘अलबेला’ अंदाज पर हंगामा
Bhaskar News Tuesday, October 13, 2009 03:40 [IST]  

कोटा. शुरू से ही विवाद में रहा लाफ्टर शो चेंपियन सुरेश अलबेला का कार्यक्रम सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गया।



कार्यक्रम समाप्ति के बाद उसके समर्थकों ने पुन: उसे मंच पर बुलाने के लिए हंगामा किया, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को मैदान में आना पड़ा।



काफी विवाद के बाद नगर निगम ने अलबेला को सोमवार को चंदनदास की गजल संध्या के पहले एक घंटा 7.30 से 8.30 बजे तक कार्यक्रम देने की अनुमति दे दी थी। अलबेला ने कार्यक्रम के दौरान नगर निगम प्रशासन व महापौर के बारे में कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की। टिप्पणियां नहीं करने के लिए अधिकारियों ने उसके पास पर्ची भेजी, जिसमें लिखा कि इस प्रकार नहीं बोले, इससे महापौर व उपमहापौर का अपमान होता है।



इस पर्ची उसने मंच से ही पढ़कर सुनाया। मंच से अलबेला ने कहा कि निगम ने जानबूझकर उसके कार्यक्रम की अनदेखी की। उसके मेहनताने को लेकर विवाद किया। वह इतना कमाता है कि यदि निगम के पास रावणदहन के लिए पैसे नहीं है तो वह दे सकता है। उसे कार्यक्रम के लिए पचास हजार रुपए देने के लिए कहा गया है, लेकिन वह यह राशि नहीं लेगा, क्योंकि इसे लेने के लिए यदि वह हस्ताक्षर करेगा तो उसकी कलम भ्रष्ट हो जाएगी।




इसके बाद वह मंच से नीचे उतरकर कार्यक्रम देने लगा। नौ बजते ही कार्यक्रम देकर वह वहां से रवाना हो गया। जैसे ही वह गया, मंच के सामने बैठे उसके समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वे अलबेला को मंच पर बुलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कुछ पत्थर भी मंच पर आकर गिरे, इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही हंगामा हुआ, एएसपी लक्ष्मण गौड़ जवानों के साथ वहां पहुंचे और लाठियां फटकारकर युवाओं को वहां से हटाया।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: