अलवर. सरिस्का में बाघों का सफाया करने वाले कुख्यात शिकारियों जीवनदास व सुरता कालबेलिया को जयपुर में सीबीआई की विशेष अदालत ने पांच दिन के रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए।
सीबीआई की टीम पूछताछ के लिए दोनों शिकारियों को दिल्ली लेकर गई है। हरियाणा के पानीपत जिले के समालखां निवासी सुरता कालबेलिया व जीवनदास को सोमवार को जयपुर में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया।
यहां से न्यायाधीश ने दोनों शिकारियों को सीबीआई को १६ अक्टूबर तक रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए। रिमांड मिलने के बाद सीबीआई के अधिकारी जीवनदास व सुरता कालबेलिया को शाम को दिल्ली लेकर निकल गए।
दिल्ली में दोनों से सरिस्का मारे गए बाघ-बघेरों के बारे में सीबीआई जानकारी जुटाएगी। दोनों शिकारियों को सरिस्का में घटना स्थलों का मौका मुआयना कराने अलवर भी लाने की संभावना है। सीबीआई देश के अन्य अभयारण्यों में हुए वन्यजीवों के शिकार मामले में भी शिकारियों से पूछताछ करेगी। सीबीआई ने ही दोनों को १क् अक्टूबर को पंजाब के भटिंडा जिले के मानसा इलाके में एक डेरे से गिरफ्तार किया था।