ग्वालियर. जीवाजी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के ही दिन 29 अक्टूबर को दूरस्थ शिक्षण संस्थान के विभिन्न कोर्सो की परीक्षाएं भी होंगी। परीक्षा टाइम-टेबल के अनुसार इस दिन पत्रकारिता के छात्रों की परीक्षा होगी। जेयू ने एक अक्टूबर को दूरस्थ शिक्षण संस्थान के विभिन्न कोर्सो की परीक्षा का टाइम-टेबल घोषित किया था।
परीक्षाएं 28 अक्टूबर से शुरू होंगी। इस बीच दीक्षांत समारोह की तिथि में परिवर्तन हुआ और इसे 6 अक्टूबर के बजाय 29 अक्टूबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसी दिन दोपहर की पाली में बीजेएमसी व एमजेएमसी का पेपर है। छात्रों व शिक्षकों का कहना है कि इस दिन दीक्षांत समारोह होने के कारण समस्याएं आ सकती हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण परीक्षा कक्ष तक छात्रों को पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ेगी।
इससे परीक्षा में ड्यटी देने वाले शिक्षक दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे। परीक्षा दूरस्थ शिक्षण संस्थान में होगी जबकि दीक्षांत समारोह जिम्नेजियम हॉल में होगा। दोनों स्थान पर पहुंचने का रास्ता एक ही है। चूंकि समारोह में राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर व शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनिस भाग लेंगी, इसलिए कैंपस में सामान्यजन के प्रवेश पर रोक लगायी जा सकती है।