Gwalior
लुटने से फिर बची एक और बैंक
नगर संवाददाता Tuesday, October 13, 2009 04:14 [IST]  

ग्वालियर. चोरों ने एक और बैंक में नगदी पर हाथ साफ करने का प्रयास किया, इस बार भी सायरन बजने पर उन्हें उल्टे पांव भागना पड़ा। एक पखवाड़े में इस तरह की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार चोरों ने मुरार क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इण्डिया की शाखा को निशाना बनाया। पुलिस ने चोरों के सुराग के लिए स्निफर डॉग बुलाया लेकिन इससे सफलता नहीं मिली।



जानकारी के अनुसार, रविवार की रात सात नंबर चौराहे के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के खिड़की की ग्रिल व कांच को तोड़ने के बाद चोर अंदर घुस गए। चोरों ने जैसे ही सेफ को हाथ लगाया, इससे लगा सेंसर सक्रिय हो गया और सायरन बज उठा। सायरन बजते ही चोर भाग निकले। आसपास रहने वाले लोगों ने सायरन की आवाज तो सुनी लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। सुबह करीब 6 बजे घूमने निकले किसी व्यक्ति ने मुरार थाने को फोन कर बैंक भवन की खिड़की का ग्रिल व कांच टूटा होने की जानकारी दी।



पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैंक मैनेजर को बुलाया। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद ली लेकिन कुछ ही दूर जाकर डॉग सड़क पर चक्कर लगाकर खड़ा हो गया। इससे अनुमान लगाया गया कि चोर किसी वाहन से आए होंगे। बैंक के अंदर लोहे की रॉड व खून के छींटे मिले हैं। इससे पता चलता है कि खिड़की में लगे कांच को तोड़ने के प्रयास में चोर घायल भी हुआ है। पुलिस ने बैंक मैनेजर सुनील खोस की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। ऑटो से निकाली है रॉड: पुलिस ने बैंक के अंदर से जो लोहे की रॉड बरामद की है वह ऑटो में लगने वाला एक्सल है, इसी की मदद से खिड़की की ग्रिल को तोड़ा गया।



एक पखवाड़े में तीसरी वारदात: शहर में सक्रिय चोरों की नजर घर व दुकानों के साथ बैंकों पर भी है। एक पखवाड़े में चोरों ने तीसरे बैंक में चोरी का प्रयास किया है। इससे पहले दो अक्टूबर को यूनिवर्सिटी परिसर स्थित एसबीआई की शाखा में चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे, लेकिन तिजोरी को छूते ही सायरन बजने पर भाग निकले थे। तीन दिन पूर्व कृषि महाविद्यालय परिसर में यूको बैंक में एक चोर ने घुसने का प्रयास किया, लेकिन सायरन बजते ही भाग निकले।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: