उदयपुर. यूनिवर्सिटी से रूपसागर रोड पर आशीर्वाद नगर के सुरभि विहार में रविवार रात चोरों ने एक मकान में घुसकर चाकू की नोक पर नकदी व गहने लूट लिए।
नकाबपोश बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, लेकिन वृद्धा के जाग जाने पर चोरों ने चाकू दिखाकर उसे चुपचाप बैठा दिया और लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग गए। यह वारदात सेंटपॉल स्कूल के अंग्रेजी के अध्यापक सीडी एलफोंस के मकान में हुई। इसकी रिपोर्ट सुखेर थाने में दर्ज करवाई है।
क्या थी घटना : मकान में घुसे नकाबपोश चोरों ने अध्यापक एलफोंस की सास मोली टी जैकब के मुंह पर चादर डाली और गले पर चाकू लगाकर गहने उतारने को कहा। भयभीत वृद्धा ने सोने की चेन, अंगूठी और चूड़ियां उताकर चोरों को दे दी। ये आभूषण छह तोला वजनी थे। इस बीच उन्होंने अलमारी में रखे साढ़े तीन हजार रुपए भी निकाल लिए। चोरों ने खिड़की की ग्रिल खोलकर मकान में प्रवेश किया था।
गौरतलब है कि अध्यापक एलफोंस व उनकी पत्नी बिंदु रविवार रात जयपुर के लिए रवाना हुए थे। पत्नी बिंदु की मां केशवनगर निवासी मोली टी जैकब (62) अपने दोहिता रॉबिन (15) व जूबिन (12) मकान में अकेले थे। जूबिन नानी के साथ एक कमरे में व रॉबिन दूसरे में सोया हुआ था।
क्या था हुलिया : नकाबपोश बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल थी। उनके हावभाव शहरी क्षेत्र से जैसे ही थे। चोरों ने सिर्फ गहने और नकदी लूटना ही अपना लक्ष्य रखा था। इसके अलावा मकान में रखी किसी भी वस्तु को हाथ नहीं लगाया।