Udaipur
टंकी पर चढ़कर शोले के वीरू बने युवा वकील
Bhaskar News Tuesday, October 13, 2009 04:27 [IST]  

उदयपुर. उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर दो युवा वकील फिल्म ‘शोले’ के ‘वीरू’ बनकर डेढ़ सौ फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गए।



दोनों ने ऊपर चढ़कर नारेबाजी की और जबरन नीचे उतारने पर ऊपर से ही छलांग लगाने की चेतावनी दे डाली। यह माजरा देखने के लिए नगर परिषद लिंक रोड पर भीड़ जमा हो गई और ट्रैफिक जाम हो गया।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उदयपुर बार एसोसिएशन के सचिव कैलाश भारद्वाज व सुरेश पटेल दोपहर दो बजे टंकी पर चढ़े थे। दोनों ने जब ऊपर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तो लोगों का ध्यान इस ओर गया। परिषद परिसर में मेला लगा होने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों वकीलों को शोले का वीरू बताया। कुछ युवाओं ने दोनों वकीलों को वीरू तुम नीचे आ जाओ की आवाज भी लगाई।




अफसर व वकीलों ने किया नीचे उतरने का आग्रह: इस बीच लोगों ने टेलीफोन पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मोबाइल पर सूचना दी। कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति पर नजर रखे रहे। ..शेष x पेज 9
सूचना मिलने पर कोर्ट चौराहा स्थित धरना स्थल से वरिष्ठ अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे और मोबाइल फोन पर दोनों युवा वकीलों से नीचे उतरने का
आग्रह किया।




नारेबाजी के बाद आश्वासन



इस पर वकीलों ने ऊपर से नारेबाजी करना शुरू कर दिया। शाम चार बजे तक यहां मजमा लगा रहा।



इसके बाद अधिकारियों ने उनसे मोबाइल फोन पर बातचीत की और नीचे उतरने का आग्रह किया। इस पर दोनों युवा वकीलों ने अपनी मांगे रखी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद दोनों नीचे उतर आए। इसके बाद मांगों का लिखित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया। इससे पूर्व वकीलों ने कोर्ट चौराहे पर अंबेडकर की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सदबुद्धि देने की कामना की।



क्या थी मांगें



—उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग के आंकलन करने के लिए कमेटी गठित की जाए, देवला इलाके में आंदोलन के दौरान मरे चार आदिवासियों को उचित व शीघ्र मुआवजा दिया जाए, वकीलों के खिलाफ जो मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस लिया जाएं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: