भीलवाड़ा. राज्य के चिकित्सा एवं स्थास्थ्य मंत्री एमादुद्ीन अहमद खान दुरु मियां ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य चेतना यात्रा के बाद डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे।
मौसमी बीमारियों को सरकार गंभीरता से ले रही है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। स्वाइन फ्लू टेस्ट की सुविधा जयपुर के अलावा दूसरे शहरों में भी कराने के लिए सर्वे करवाया जा रहा है। पहले दौर के सर्वे के बाद जोधपुर को इसके लिए चिह्न्ति किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को इंदिरा गांधी सामुदायिक भवन में ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत कर रहे थे।
स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि एच वन और एन वन फ्लू के टेस्ट के लिए संभावित स्थानों की तलाश की जा रही है। यह काम डायरेक्टर स्तर के अधिकारियों की टीम को सौपा गया है। अभी जयपुर एसएमएस में टेस्ट करवा इसका मेच दिल्ली हास्पिटल से करवाया जा रहा है। उन्होंने बढ़ती मौसमी बीमारियों पर चिंता जताते हुए कहा कि मंगलवार को जयपुर में सभी सीएमएचओ और पीएमओ की बैठक में खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लेंगे।
मलेरिया और दूसरी बीमारियों की पर रोकथाम के लिए योजना बनाई जाएगी। मौसमी बीमारियां अलवर और सीमावर्ती जिलों में ज्यादा है मगर हालात नियंत्रण में है। डेंगू की रोकथाम के लिए सभी संभावित क्षेत्रों में दवा छिड़काव के साथ ही रोगियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनजागृति लाने के लिए स्वास्थ्य चेतना यात्रा भी निकाली जा रही है।
निजी चिकित्सालयों में टेस्ट के बदले मोटी राशि वसूलने के प्रश्न पर मंत्री दुरु मिया ने कहा कि सरकार किसी निजी संस्थान को पाबंद नहीं कर सकती। जो सरकारी मदद से चल रहे हंै वहां तो बीपीएल परिवारों को छूट देने के लिए पाबंद किया जा सकता है।