Shekhawati/ Sikar
एसई को घेरा, लगाया जाम
Bhaskar News Tuesday, October 13, 2009 05:09 [IST]  

श्रीमाधोपुर. दूषित पेयजल मामले में जांच के लिए पहुंचे जलदाय विभाग के एसई को मोहल्लेवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा।



पेयजल सप्लाई नहीं होने से परेशान तीन वार्डो की महिलाओं ने एसई को घेर लिया और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार एसई आईडी खान सर्वे करवाकर सीकर लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड संख्या पांच, छह व 22 की महिलाएं जयपुर-झुंझुनू रोड़ पर बैठ गईं और जाम लगा दिया।




अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और कहा कि इन वार्डो में पिछले छह महीने से जलदाय विभाग की अनदेखी की वजह से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। जबकि कई बार इससे अवगत कराया जा चुका है। करीब एक घंटे तक रहे जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।



मामले की सूचना पर एसडीएम राधेप्रतापसिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाइस की कोशिश की, लेकिन महिलाएं पेजयल आपूर्ति में सुधार नहीं होने तक सड़क पर बैठे रहने पर अड़ गई। एकबारगी तो जब पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जबरन वहां से हटाने की कोशिश तो मामला गरमा गया, लेकिन अधिकारियों ने स्थिति को संभाला।



एसई जलदाय आईडी खान ने बुधवार से मशीन मंगवाकर दो टच्यूबवैल प्रभावित वार्ड में लगाने और तब तक टैंकर से पानी सप्लाई देने के आश्वासन दिया। इस पर जाम हटाया गया।



भास्कर पड़ताल : पेयजल सप्लाई में आ रहे कीड़े : जलदाय विभाग की ओर से लगातार दूषित पानी की बात को नकारा जा रहा है, लेकिन कस्बे के वार्डो में हालात चौंकाने वाले हैं। सुबह भास्कर संवाददाता पेयजल सप्लाई के वक्त वार्ड संख्या १९ पहुंचा तो वहां स्थिति दूषित पानी से भी नाजुक मिली। वार्ड के यादवेंद्र भार्गव ने बताया कि सप्लाई की शुरुआत में गंदा-मटमैला पानी आता है। कई घरों में पानी में कीड़े आ रहे हैं।



लोगों की शिकायत है कि पीएचईडी सप्लाई का पानी पीने योग्य नहीं है। वार्ड पार्षद श्रवण आचार्य ने कहा कि दो महीने पहले इन तमाम समस्याओं से जलदाय विभाग के अधिकारियों को रूबरू कराया गया था, मगर दूषित पेयजल बदस्तूर आ रहा है।




प्रभावित वार्ड में टैंकर से सप्लाई :
कलेक्टर : कलेक्टर जीएल गुप्ता ने बताया कि जलदाय विभाग को पेयजल घरेलू कनेक्शनों की जांच के निर्देश दे दिए हैं। क्योंकि पीएचईडी लाइन में लीकेज नहीं मिला है। जब तक घरेलू कनेक्शनों की जांच नहीं हो जाती, प्रभावित वार्ड में टैंकर से पानी सप्लाई होगा। वहीं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिलेभर में सर्वे कराया जा रहा है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: