जोधपुर. पंचपर्वा दीपावली के कुछ ही दिन शेष रहते शहर सज धज कर तैयार है, बाजारों में जबरदस्त रौनक है और लोग खरीदारी के उत्सव में सराबोर हो रहे हैं तो प्रशासन भी सजग है। इस दौरान एक तरफ बिजली का लोड बढ़ जाएगा और दूसरी तरफ अन्य विभागों की जिम्मेदारियां भी उसी अनुपात में बढ़ जाएंगी। डिस्काम ने वांछित लोड के अनुरूप बिजली देने की व्यवस्था की है। जोधपुर से जाने और आने वाली ट्रेनें कई दिन पहले से ही फुल हो चुकी हैं। जिन्होंने पहले टिकट बनवा लिए वे खुशकिस्मत हैं। रोडवेज की बसों में भी धनतेरस, रूप चौदस को जबरदस्त भीड़ रहने वाली है। चिकित्सा विभाग ने अपने तरीके से तैयारियां की हैं ताकि किसी अनहोनी के दौरान लोगों को समय पर उचित चिकित्सा मुहैया करवाई जा सके। फायर ब्रिगेड ने अपनी फायर फाइटर की व्यवस्था को चॉक चौबंद किया है ताकि आगजनी की स्थिति में तत्काल निपटा जा सके।