Jodhpur
बीपीएल काउंटर में एनजीओ का पेच
भास्कर न्यूज Tuesday, October 13, 2009 07:17 [IST]  

जोधपुर. पावटा सेटेलाइट अस्पताल में कम्प्यूटरीकृत बीपीएल काउंटर खोलने का मामला सोमवार को एक एनजीओ से आवेदन से फिर टल गया। काउंटर संचालन के लिए फार्मासिस्ट, कम्प्यूटर ऑपरेटर, एकाउंटेट, हैल्पर व लिपिक के लिए अनुबंध आधार पर प्रस्तावित साक्षात्कार ऐन मौके पर अटक गए जिससे अस्पताल में सोमवार को पूरे दिन साक्षात्कार के लिए आए करीब सौ अभ्यर्थियों की भीड़ जमा रही।



सुबह से दोपहर हो गई और साक्षात्कार को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही तो अभ्यर्थी आक्रोशित हो गए। इससे माहौल गरमा गया। बाद में उन्हें समझा बुझा कर शांत किया गया।दरअसल इस बीपीएल काउंटर के लिए जिला कलक्टर कार्यालय के मार्फत विभिन्न पदों के आवेदन मांगे थे। इसमें एक गैर सरकारी संगठन ने अंतिम तिथि के दिन आवेदन कर जनसहभागिता के आधार पर निशुल्क काउंटर संचालित करने की इच्छा जताते हुए इसकी एक प्रति अस्पताल प्रभारी को भेज दी। सोमवार को साक्षात्कार के लिए संयुक्त निदेशक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वे एनजीओ का आवेदन देख असमजंस में पड़ गए। इस दौरान बाहर जमा अभ्यर्थी परेशान हो गए।



वे आक्रोश व्यक्त करने लगे। अधिकारियों ने जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद ही कोई कार्रवाई करने की जानकारी दी। अभ्यर्थियों को समझा कर उनकी मांग पर साक्षात्कार के लिए आवेदकों की सूची जारी की गई। तब कहीं जाकर आवेदक वहां से निकले।
आवेदन से स्थिति बदली
एनजीओ की ओर से बीपीएल काउंटर निशुल्क चलाने के आवेदन के चलते आज साक्षात्कार नहीं हुए।कलेक्टर के निर्देश के बाद ही अगली प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थियों की सूची हमने जारी कर दी है।
डॉ. अशोक राठौड़, प्रभारी पावटा सेटेलाइट अस्पताल

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: