Jodhpur
सुबह गिरफ्तारी शाम को रिहाई
भास्कर न्यूज Tuesday, October 13, 2009 07:28 [IST]  

जोधपुर. प्रतापनगर स्थित एक हैंडलूम स्टोर के बाहर रविवार को लोगों ने एक युवक को मोटर साइकिल चुराते रंगे हाथो पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उससे अन्य कई चोरियां खुलने का दावा किया। बहरहाल सोमवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने पर वह जमानत पर छूट गया। जब पुलिस को खुद के दावों की याद दिलाई गई तो जवाब मिला कि चोर स्मैक का सेवन करता है, ऐसे में उसे थाने में रखना हमारे लिए मुश्किल होता है।



हुआ यूं कि सुखानंद की बगेची निवासी भोजराज प्रजापत अपने भाणजे को साथ लेकर रविवार दोपहर प्रतापनगर स्थित एक हैंडलूम स्टोर पर खरीदारी करने गया था। उसने मोटर साइकिल पार्किग में खड़ी की थी लेकिन वापस लौटा तो वह गायब थी। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। शाम को वह पुन: मोटर साइकिल की तलाश करता हैंडलूम के बाहर पहुंचा तो एक युवक उसकी मोटर साइकिल को स्टेंड पर खड़ा करता दिखा। वह उस तक पहुंच पाता इससे पूर्व ही युवक अंदर चला गया। तब तक मोटर साइकिल पर लगी नंबर प्लेटें बदल चुकी थीं।



उसकी आगे की प्लेट पर किलर तथा पीछे सिंह इज किंग लिखा था। उसने यह बात हैंडलूम पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी बता दी। इसी दौरान दुकान से बाहर आया युवक मोटर साइकिल लेकर जाने लगा तो भोजराज व उसके भाणजे ने उसे दबोच लिया। कुछ अन्य युवक उसकी पैरवी कर उसे भगाने की कोशिश करने लगे तब तक कंट्रोलरूम की सूचना पर प्रतापनगर पुलिस भी पहुंच गई।



पूर्व पार्षद का पुत्र निकला: यह युवक पूर्व पार्षद जीवनराम मेघवाल का पुत्र सुरेंद्र निकला। पुलिस उसे थाने लेकर गई, लेकिन गिरफ्तारी नहीं दर्शाई। पुलिस ने दावा किया कि उससे कई चोरियां खुलने की संभावना है, इसलिए उसकी गिरफ्तारी सोमवार को ही बता पाएंगे। प्रतापनगर पुलिस ने सोमवार सुबह उसकी गिरफ्तारी बताकर न्यायालय में पेश किया, जहां जमानत पर छोड़ने के आदेश हो गए।



मोटर साइकिल चोर को पुलिस को सुपुर्द करने वाले भोजराज को इसकी भनक लगी तो वह खुद को ठगा सा महसूस करने लगा। यह बात सिटी एसपी महेश गोयल तक पहुंची तो उन्होंने भी इसको काफी गंभीरता से लिया। उधर थानाधिकारी माधोसिंह ने सफाई दी कि चोर स्मैक का सेवन करता है। ऐसे में उसे न्यायिक अभिरक्षा में रखना मुश्किल होता।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: