जोधपुर. बासनी पुलिस ने एक दुकान पर छापा मारकर बड़ी संख्या में नकली सीडी जब्त की है। पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि मेघवालों की ढाणी स्थित एक दुकान पर नकली सीडीज बिक रही हैं। इस सूचना पर सोमवार को मेघवालों की ढाणी स्थित मरुधर पावर हाउस टूल्स पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान दुकान से 244 वीसीडी व 955 डीवीडी बरामद हुई। इन्हें जब्त कर लिया गया। यह सभी नकली बताई गई हैं।पुलिस ने दुकान मालिक प्रमोद जैन को गिरफ्तार कर कापी राइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
भिखारी की मृत्यु : उदयमंदिर थाना क्षेत्र में एक बीमार भिखारी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार रात को एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। उसे एमजीएच अस्पताल भेजा गया, लेकिन कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। उसके पास मिली डायरी से उसकी शिनाख्त गुजरात के आनंद थाना के रामजी मंदिर के समीप रहने वाले नारायणदास पुत्र पुरुषोत्तम के रूप में हुई।