नई दिल्ली. शराब के बादशाह विजय माल्या सोमवार अजीब स्थिति में फंस गए जब भाजपा सांसद ने उनके द्वारा दीवाली गिफ्ट के तौर पर दी गई शराब की बोतल वापस कर दी। राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने माल्या को पत्र भी लिखा है। पत्र में कहा गया है कि आपने गिफ्ट स्नेह से भेजा है, पर मैं शराब नहीं पीता।
झा ने माल्या को याद दिलाया कि आप खुद सांसद रह चुके हैं पर आपने संसद, सांसद और संसदीय प्रणाली के नियमों का ध्यान नहीं रखा। बिना जान-पहचान के भी भारतीय सांसदों को ऐसा गिफ्ट भेज कर शायद हम उनका मखौल उड़ा रहे हैं या उनकी औकात एक बोतल की समझ रहे हैं।’
उन्होंने आगे लिखा है, ‘मैं आपकी बोतल वापस कर रहा हूं क्योंकि मैं घर वालों के आगे खुद को नीचा नहीं दिखाना चाहता। शराब आजकल एक समस्या है, देश की समस्याओं का हल नहीं।’ झा ने माल्या से पूछा है कि शराब बांटने के लिए उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हो सकती है? दिल्ली सरकार का सरेआम शराब पीने पर 5,000 रुपए जुर्माना करने का प्रस्ताव है पर सरेआम शराब बांटने पर आप को क्या सजा दी जा सकती है?