हनुमानगढ़. ग्राहक का रुझान फैंसी आइटमों के प्रति बढ़ रहा है। दीपावली के दृष्टिगत बाजार में फैंसी विद्युत लड़ियों व केंडल (मोमबती) का बाजार जगमग है।
दुकानदारों ने लोगों के क्रेज के मुताबिक फैंसी विद्युत लड़ियां व रंगीन फैंसी मोमबतियां मंगवा ली हैं। जंक्शन व टाउन स्थित इलेक्ट्रिकल्स की दुकानों पर लड़ियां खरीदने के लिए दिनों-दिन लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। चाइना जेल लड़ी की सर्वाधिक बिक्री हो रही है।
विभिन्न आकर्षक रंगों व सस्ती होने के कारण लोगों का रुझान इसके प्रति अधिक है। फैंसी रंगीन मोमबत्तियों की सेल भी अच्छी हो रही है। दुकानदार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 40 से 50 प्रतिशत तक बिक्री बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि विद्युत लड़ियों व मोमबत्तियों की बिक्री दीपावली पर सबसे अधिक होती है। एक वर्ष में जितनी सेल होती है उससे ज्यादा 20 दिनों में हो जाती है। केंडल की जोरदार बिक्री 15 दिन पूर्व प्रारंभ होती है। दस दिनों तक ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदार खरीद करते हैं। इसके बाद शहर के लोगों की भीड़ रहती है।
मोम के कलर दीपकों की बढ़ी डिमांड: बाजार में मोम के फैंसी कलर दीपकों की भी अच्छी डिमांड है। दुकानदार तीन रुपए प्रति पीस के हिसाब से बेच रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार दो वर्षो से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का मोम के दीपों के प्रति रुझान बढ़ा है। इस बार मिट्टी के दीप मोम से भरे हुए उपलब्ध है। इसके अलावा आकर्षक डिजाइन में भी मोम के दीप उपलब्ध हैं। ये बाजार में 12 से 15 रुपए प्रति पीस बेचे जा रहे हैं।
शहर के लोग मोम के फैंसी दीप अधिक खरीद रहे हैं। सिंपल मोमबतियों की भी बिक्री अच्छी हो रही है। हनुमानगढ़ के दुकानदार दिल्ली व लुधियाना से मोम के फैंसी दीप मंगवाते हैं। वहां से उच्च क्वालिटी के दीप उचित मूल्य पर मिलते हैं।
बाजार में जो उपलब्ध: बाजार में फैंसी लड़ियां 15 से 100 रुपए तक बिक रही हैं। चाईना जेल फैंसी लड़ी 15 फीट लंबी 40 से 45, इंडीकेटर लड़ी 40 से 42, मल्टी कलर जेल लड़ी 45 से 50, जाल लड़ी 85 से 100, सिंपल लड़ी 15 से 22 रुपए में मिल रही है।
दुकानदारों के अनुसार रोप लाइट भी लोगों की पंसद बन चुकी है। रोप लाइट का 50 मीटर का बंडल 900 रुपए तक मिल रहा है। रोप लाइट एक बार खरीदने के बाद चार-पांच वर्ष आराम से चल जाता है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के लोग इसको पंसद कर रहे हैं। शहर के लोग फैंसी चाइनीज लड़ियां खरीद रहे हैं।