पेशावर. पाकिस्तान के पेशावर के सीआईए थाने के पास हुए एक जोरदार बम धमाके में दस से अधिक लोगों के मारे की खबर है। इस धमाके में कई पुलिसकर्मी और कैदी घायल हुए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान के लाहौर में संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के दफ्तर सहित तीन सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर गुरुवार को तालिबानी हमलों और दो विस्फोटों में 11 आतंकियों सहित 41 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए। तहरीक-ए-तालिबान ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली। वहीं लाहौर के पुलिस प्रमुख खुसरो परवेज ने इन हमलों को भारतीय खुफिया एजेंसियों से जोड़ते हुए कहा है कि विदेश से समर्थन प्राप्त हमलावरों को उनके मंसूबे में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। दूसरी ओर मनवां में तालिबानी हमले के कारण भारतीय सीमा पर हाई अलर्ट कर दिया गया है। बीएसएफ के कई अफसर बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। आईजी हिम्मत सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही चौकसी बढ़ा दी गई है।
एफआईए से शुरुआत
रावलपिंडी में सैन्य मुख्यालय पर हमले केचार दिन बाद गुरुवार को सुबह 9:15 बजे हमले की शुरुआत हुई। सेना व पुलिस की वर्दी पहने आतंकियों ने पहला हमला एफआईए के दफ्तर पर किया जहां सात लोग मारे गए। परवेज खुसरो के मुताबिक इनमें कम से कम एक आतंकी और चार एफआईए के अधिकारी हैं। हालांकि कुछ देर बाद सुरक्षा बलों ने दफ्तर की इमारत पर नियंत्रण हासिल कर लिया।
दूसरा हमला मनवां पुलिस अकादमी पर किया गया। हमलावर जॉगिंग शूज के साथ विस्फोटकों से भरे हुए सुसाइड जेकेट पहने हुए थे और उनके पास आटोमेटिक रायफल थीं। हालांकि वे रावलपिंडी हमले की तरह कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को बंधक बनाने के अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।
दोपहर से पहले ही सुरक्षा बलों ने अकादमी के हालात को काबू में कर लिया। यहां हमले में छह अधिकारी मारे गए और सात घायल हो गए। चार आतंकी भी मारे गए जिनमें से दो ने सुरक्षा बलों से घिर जाने के बाद सुसाइड जेकेट में विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया।
तीसरा हमला बेदियां पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में किया गया जहां दस आतंकी चहारदीवारी फांद कर घुसे और ग्रेनेड हमलों के साथ गोलीबारी की। यहां पांच घंटे तक पुलिस कमांडो और आतंकियों की मुठभेड़ में पांच आतंकी ढेर हो गए। बाकी वहां से भाग निकले।
लाहौर के हमलों से कुछ ही पहले पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के कोहट जिले में फिदायीन आतंकी ने विस्फोटकों से लदी कार को पुलिस थाने की दीवार से टकरा दिया। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई। इसी प्रांत की राजधानी पेशावर में रिमोट कंट्रोल से कार में किए गए विस्फोट में एक बच्चे की मौत हो गई और दस लोग घायल हो गए।
तालिबान दे रहे सुरक्षाबलों को चुनौती
पाक सेना द्वारा तालिबान के खिलाफ वजीरिस्तान में कार्रवाई शुरू करने की तैयारी के साथ हाल के दिनों में पाक में हमलों में एकाएक तेजी आ गई है। इनमें सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जा रहा है। हाल में रावलपिंडी में सैन्य मुख्यालय पर हमला किया गया था, जिसमें 23 से ज्यादा जानें गई थीं। पिछले दो हफ्तों में फिदायीन हमलों में सौ से ज्यादा लोग मारे गए हैं। ज्यादातर हमलों की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है।
संबंधित खबरें
* फिर लहूलुहान हुआ पाकिस्तान
* पाकिस्तान में पांचवा आत्मघाती हमला, 42 की मौत
* तालिबान की आड़ में छिपता पाकिस्तान
* पाकिस्तान ने अमेरिका से कहा भारत को दे चेतावनी