Ludhiana
दीए के साथ जेनरेटर भी तैयार रखें
Bhaskar News Saturday, October 17, 2009 01:46 [IST]  

लुधियाना. लोगों ने फैंसी लाइटें लगवाकर अपने घरों को सजाया है, लेकिन दिवाली की रात यह लाइटें जगमगाएगी या नहीं, बोर्ड के पास इसकी कोई गारंटी नहीं है। दिवाली से एक दिन पहले लुधियाना पहुंचे पंजाब राज्य बिजली बोर्ड के चेयरमैन एचएस बराड़ ने दिवाली नाइट पर पावर कट न लगने पर एक तरह से हाथ खड़े कर दिए हैं।



उन्होंने दो टूक कहा, कि पूरा दारोमदार फ्रिक्वेंसी पर निर्भर करेगा। जाते-जाते वह लोगों से अपील कर गए कि अधिक वोल्टेज वाली सजावटी लाइटों को इस्तेमाल न ही करें, तो अच्छा होगा। वह जनता नगर में बने कंप्लेट कॉल सेंटर का जायजा लेने पहुंचे थे।



उन्होंने कहा कि भले ही इस समय पंजाब बिजली संकट से जूझ रहा है, लेकिन वर्ष 2013 तक बिजली बोर्ड आत्म निर्भर हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 36 फीसदी बारिश कम हुई है, जिस कारण डैमों में पानी कम होने की वजह से बिजली का उत्पादन भी पूरा नहीं हो रहा।



हाइडिल प्लांटों से बोर्ड को 202 मेगावॉट कम बिजली मुहैया हो रही है, जबकि डिमांड 26 फीसदी अधिक चल रही है। उन्होंने बताया कि गोइंदवाल में थर्मल प्लांट बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों की उनकी पिछले दिनों मीटिंग हुई थी।



मीटिंग में कंपनी के पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2012 तक 270 मेगावॉट क्षमता वाला एक यूनिट बिजली उत्पादन शुरू कर देगा। तलवंडी साबो में 1903 मेगावॉट क्षमता वाला प्लांट भी तीन सालों के भीतर बिजली उत्पादन शुरू कर देगा।



बराड़ ने बताया कि बिजली बोर्ड की ओर से जनता नगर डिवीजन में शुरू किया गया कंप्लेट कॉल सेंटर को अभी सिर्फ लुधियाना से जोड़ गया है। छह महीने के भीतर बठिंडा, जालंधर, अमृतसर, मोहाली और पटियाला को भी इस सेंटर के साथ जोड़ा जाएगा।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: