लुधियाना. दुगरी रोड स्थित तीन मंजिला जोली डिपार्टमेंटल स्टोर में शुक्रवार तड़के अचानक आग लग गई। आग ने तीनों मंजिलों को चपेट में ले लिया। स्टोर मालिक के अनुसार इस आग से उसका लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में करीब सात घंटे का वक्त लगा।
आग लगने का कारण बिजली की तारों में शार्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना शुक्रवार तड़के करीब चार बजे की है। स्टोर मालिक दलजीत सिंह के अनुसार दीपावली के कारण स्टोर पर काफी भीड़ थी। वह स्टोर से वीरवार देर रात करीब साढ़े चार बजे घर गया था।
अभी वह सोने ही लगा था कि पड़ोसियों ने फोन पर उसके स्टोर में आग लगने की सूचना दी। उसने घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
आग पर पूरी तरह से काबू पाने में करीब 50 फायर टेंडर खाली हो गए। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका है। स्टोर मालिक के अनुसार यह आग स्टोर के बाहर से गुजरती बिजली की तारों से लगी हैं।
स्टोर मालिक ने आरोप लगाया कि आग इन्हीं तारों में शार्ट सर्किट से लगी है। वह पहले भी कई दफा बिजली दफ्तर में तारों की मरम्मत के लिए शिकायत कर चुका है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई है। फायर मुलाजिमों के अनुसार स्टोर में काफी मात्रा में घी व तैलीय पदार्थ थे। घी व तेलीय पदार्थो ने आग पकड़ ली थी, जिस कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।