चंडीगढ़. इस बार जहां सिटको और हाउसिंग बोर्ड ने अपने कर्मचारियों को आठ से 12 हजार रुपये तक का दिवाली बोनस दिया वहीं कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कंप्यूटर टीचर्स को अपना दो महीने का वेतन तक नहीं मिला।
इसलिए शहर के गवर्नमेंट स्कूलों में कार्यरत कंप्यूटर टीचर्स ने फैसला किया है कि वह काली दिवाली मनाएंगे। यह सब हुआ यूटी एजूकेशन डिपार्टमेंट की लापरवाही की वजह से। कंप्यूटर टीचर्स के अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर भी कॉन्ट्रैक्ट पर रखे गए हैं। उन्हें भी पिछले दो महीने से वेतन नहीं दिया गया है।
हर बार मिला तो सिर्फ दिलासा
करीब 160 कंप्यूटर टीचर्स और ऑपरेर्ट्स ऐसे हैं जिन्हें 21 जुलाई से 20 अगस्त और 21 अगस्त से 20 सितंबर तक का वेतन नहीं मिला है। टीचर्स का कहना है कि पिछले दो महीने में वह कई बार डिस्ट्रिक्ट एजूकेशन ऑफिसर (डीईओ) चंचल सिंह से मिले लेकिन हर बार उन्हें यही दिलासा दिया गया कि वेतन का चेक बन गया है और जल्द ही मिल जाएगा।
दिवाली पर खरीदारी करनी थी, लेकिन ऐसा हो न सका। मई और जुलाई का वेतन भी बीते वीरवार को ही मिला। सीनियर कंप्यूटर टीचर को 8800, जूनियर को 7300 और डाटा एंट्री ऑपरेटर को 6600 रुपये वेतन प्रति माह मिलता है।
एजूकेशन डिपार्टमेंट इनके वेतन की ग्रांट डिपार्टमेंट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एक्रीडिटेशन ऑफ कंप्यूटर कोर्सेज ‘डीओईएसीसी’ सेक्टर 17 को देता है। ये सभी डीओईएसीसी के जरिए स्कूलों में कार्यरत हैं। डीओईएसीसी के आला अधिकारी ने बताया कि अगस्त व सितंबर की ग्रांट नहीं मिली है।
टीचर्स के वेतन की ग्रांट को रिलीज करने के लिए कई बार एजूकेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को लिखा पर कुछ नहीं हुआ। करीब तीन हफ्तों पहले एजूकेशन सेक्रेटरी राम निवास को समस्या बताई। इस पर उन्होंने तुरंत वेतन देने के आदेश के अलावा अगले दो माह के वेतन की एडवांस में ग्रांट रिलीज करने को कहा पर अफसोस ऐसा हो न सका।
इसी हफ्ते डीपीआई ऑफिस से ग्रांट मिली है। शुक्रवार को इसे डीओईएसीसी को रिलीज कर दिया है। जहां तक देर से वेतन मिलने का सवाल है डीपीआई ऑफिस जिम्मेदार है। - चंचल सिंह, डीईओ
ग्रांट रिलीज करने में अकेला डीपीआई ऑफिस जिम्मेदार नहीं है बल्कि यह एक टीम एफ्र्ट है इसलिए सभी की जिम्मेदारी बनती है। मैं सोमवार को इसकी जांच करूंगा और जल्द से जल्द ग्रांट रिलीज की जाएगी। - सम्वर्तक सिंह, डीपीआई स्कूल्स
सोमवार को ही टीचर्स को वेतन दिया जाएगा। वेतन दिए जाने में हुई देरी के जो भी जिम्मेदार होंगे उन्हें चार्जशीट किया जाएगा। - राम निवास, गृह सचिव