शंघाई. टॉप सीड राफेल नडाल को हराकर रूस के निकोल देविदेंको शंघाई एटीपी मास्टर्स 1000 टेनिस टूर्नामेंट के पहले चैंपियन बन गए हैं। छठी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी ने फाइनल मुकाबला सीधे सेटों में 7-6 (7-3), 6-3 से जीता। मई के बाद पहली बार किसी खिताबी मुकाबले में पहुंचे स्पेन के नडाल के खिलाफ 28 वर्षीय देविदेंको भारी पड़े।
दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले सेट में कड़ा संघर्ष हुआ। टाइब्रेकर तक पहुंचे इस सेट को देविदेंको ने जीता। इस जीत से उत्साहित रूसी खिलाड़ी ने दूसरा सेट आसानी से जीतकर वर्ष का चौथा खिताब अपने नाम कर लिया। उन्हें इस जीत से 6 लाख 16 हजार 500 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि मिली, जबकि नडाल को 3 लाख 2 हजार डॉलर से ही संतोष करना पड़ा।
मैंने अपने कैरियर में सिर्फ पांच फाइनल हारे हैं, जबकि यह मेरी 18वीं खिताबी जीत है। मैं फाइनल में अच्छा खेलता हूं, बस जरूरत है ज्यादा से ज्यादा फाइनल में पहुंचने की।’
निकोल देविदेंको