चंडीगढ़. चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की सेक्टर-63 की जनरल हाउसिंग स्कीम को केंद्र सरकार ने पर्यावरण संबंधी मंजूरी दे दी है। केंद्र से पत्र मिलने पर हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने फ्लोरवाइज ड्रॉ निकालने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
जल्द दिया जाएगा ठेका : बोर्ड के चेयरमैन मोहनजीत सिंह के मुताबिक पिछले काफी समय से एन्वॉयर्नमेंट क्लियरेंस का इंतजार हो रहा था। अब क्लियरेंस मिलने के बाद नवंबर के दूसरे हफ्ते तक फ्लोर वाइस ड्रा निकाल दिए जाएंगे। ड्रा के लिए तारीख एकाध दिन में तय कर ली जाएगी। उनके मुताबिक निर्माण कार्य शुरू करने के लिए ठेका देने का काम भी अंतिम चरण में है।
1800 से ज्यादा फ्लैट : सेक्टर-63 में हाउसिंग बोर्ड की चार विभिन्न कैटेगरी में 1841 फ्लैट बनाने की योजना है। इनके लिए जुलाई, 2008 में प्री लिमिनरी ड्रा और नवंबर, 2008 में फाइनल ड्रा निकाला गया था। इन फ्लैट के लिए हाउसिंग बोर्ड को 21,857 आवेदन मिले थे। तीन बेडरूम फ्लैट का एरिया 1424 वर्ग फुट और कीमत 39.57 लाख रुपये है। दो बेडरूम वाले फ्लैट का एरिया 1075 वर्ग फुट व कीमत 29.14 लाख रुपये है, जबकि एक बेडरूम फ्लैट की कीमत 17.15 लाख रुपये रखी गई है।
यदि लोग यह फ्लैट किस्तों पर लेते है तो उन्हें 12 फीसदी के दर से ब्याज भी देना होगा। यह अलॉटमेंट 99 वर्ष के लिए लीज होल्ड आधार पर होगी। लोगों को फ्लैट की कीमत के 0.25 फीसदी के हिसाब से प्रतिवर्ष ग्राउंड रेंट देना होगा।
दो साल से इंतजार : सेक्टर-63 में टू बेडरूम सेट के लिए पिछले दो साल से इंतजार कर रहे राजेंद्र कुमार का कहना है कि वह मोहाली में किराये पर रह रहे हैं। अगर अपना फ्लैट मिल जाता तो हर माह छह हजार रुपये किराया बच सकता था। उनका कहना है कि स्कीम के तहत फ्लैट मिलने में देरी के कारण लोगों को मुआवजा मिलना चाहिए।
मस्तान सिंह, राजविंद्र सिंह, सुनील कुमार, औंकार नाथ के मुताबिक इन्वायर्नमेंट क्लियरेंस मिलने के बाद अब हाउसिंग बोर्ड को जल्द से जल्द फ्लोर वाइस ड्रा निकाल कर निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए ताकि पैसा जमा करान वालों को फ्लैट मिल सकें।