Chandigarh
टैगोर थियेटर में राष्ट्रीय स्तर के नाटकों का संगम
Bhaskar News Monday, October 19, 2009 01:41 [IST]  

चंडीगढ़. भारत के अलग—अलग प्रांतों के नाट्य ग्रुपों के सहयोग से सात नाटकों का मंचन टैगोर थियेटर में किया जाएगा। 19 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय नाट्य पर्व 2009’ में रोज नाटक शाम 6.30 बजे होंगे। यह नाट्य पर्व उत्तरप्रदेश क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र इलाहाबाद, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला और सूचना जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के सौजन्य से आयोजित किया जाएगा।



‘राजेश जोशी की कहानियों का नाट्य पाठ’ का निर्देशन उदय शहाणो करेंगे। यह नाटक रंग विदूषक, भोपाल के सौजन्य से खेला जाएगा। इसमें पांच कहानियां हैं, जो समाज की विसंगतियों को उजागर करती हैं।



‘हमसफर’ का निर्देशन सलीम आरिफ करेंगे और इसका मंचन एनएस कम्युनिकेशन मुंबई की ओर से किया जाएगा। ‘फूल नौटंकी विलास’ का निर्देशन अभय सिन्हा करेंगे, जो प्रांगण संस्था पटना के सौजन्य से किया जाएगा। यह नाटक नौटंकी विधा में खेला जाएगा। यह नाटक बिहार की किंवदंतियों और लोक कथाओं पर आधारित है।



‘ललडेड’ नाटक का निर्देशन मीता वशिष्ठ करेंगी। यह नाटक मंडला मुंबई के सौजन्य से मंचित किया जाएगा।। ललडेड एक औरत की कहानी है जो कम उम्र में ही परम तत्व की खोज की ओर प्रवृत्त होती है । वह धर्मनिरपेक्षता के मार्ग पर चलती है और कट्टर पंथी के लिए चुनौती बन जाती है।



‘हवालात’ की कहानी तीन युवा और एक सिपाही के इर्दगिर्द घूमती है जो मध्यवर्गीय समाज से हैं और शिक्षित होने के बावजूद गरीबी का शिकार हैं। हाड़ कपाती ठंड में उनके पास अंग ढकने के लिए कपड़े तक नहीं हैं। रात के अंधेरे में सिपाही उसे बदमाश समझ लेता है। सिपाही की धौंस का उस पर असर नहीं होता। वह सहज ही हवालात जाने के लिए तैयार हो जाता है, क्योंकि वह समझता है कि पेट की आग को बुझाने के लिए वहां जरूर कुछ मिलेगा।



‘पॉपकार्न’ के निर्देशक और लेखक आशीष पाठक हैं। इस नाटक का मंचन समागम रंग मंडल जबलपुर के तत्वावधान में किया जाएगा। नाटक में मानवीय चिंतन को दिखाया गया है जिसमें एक अच्छी अर्थव्यवस्था के लिए सभी सोचते हैं जबकि अच्छे लोग बनने के लिए कोई नहीं सोचता। नैतिक शास्त्र और अर्थशास्त्र के माध्यम से यह कहानी आगे बढ़ती है।



कब कौन से होंगे नाटक



19 अक्टूबर को राजेश जोशी की कहानियों का नाट्य पाठ
20 अक्टूबर को हमसफर
21 अक्टूबर को फूल नौटंकी विलास
22 अक्टूबर को ललडेड
23 अक्टूबर को हवालात
24 अक्टूबर को नाटक और मैं
25 अक्टूबर को पॉपकॉर्न

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: