Ludhiana
नहीं पहुंचे बिजली बिल कैसे होगी अदायगी
Bhaskar News Tuesday, October 20, 2009 03:13 [IST]  

लुधियाना. पंजाब राज्य बिजली बोर्ड, माडल टाउन डिवीजन की ओर से अभी कुछ इलाकों में बिजली के बिल वितरित नहीं किए गए हैं। बिलों की अदायगी करने को भी आखिरी दो—तीन दिन शेष बचे हैं। शहीद भगत सिंह नगर, पंजाब माता नगर समेत अन्य इलाकों में अभी तक बिजली के बिल नहीं पहुंचने के कारण लोग परेशानी में है। ऐसे में लोगों को संतुष्ट करने के लिए अफसरों के पास कोई जवाब नहीं है।



शहीद भगत सिंह नगर निवासी अरविंद शर्मा के मुताबिक बिलों की अदायगी करने की आखिरी तारीख में दो तीन दिन शेष है, जबकि डिवीजन के अधीन आते कई इलाकों में बिजली के बिल वितरित नहीं हुए हैं। सोमवार की सुबह वे और मोहल्ले के अन्य लोग खुद बिजली का बिल प्राप्त करने के लिए माडल टाउन स्थित दफ्तर में पहुंचे, तो उनके साथ ठीक तरीके से बात नहीं की गई।



बिजली बिल नहीं पहुंचाए जाने का यह तर्क दिया गया कि उनके पास बिल बांटने के लिए कर्मचारी नहीं हैं। अब उन्हें डर सता रहा है कि ठीक मौके पर पहुंचने वाले बिलों पर कहीं बोर्ड उनसे जुर्माना भी वसूल न कर लें। अरविंद शर्मा के मुताबिक देरी से मिलने वाले बिलों पर बोर्ड जुर्माना वसूल करेगा या नहीं, के बारे में जब उन्होंने दफ्तर में तैनात संबंधित अधिकारियों से बात की, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था।



इस बारे में एक्सईएन जगतार सिंह से संपर्क किया गया, तो उनका कहना था उनके पास अभी कर्मचारी नहीं हैं। इस मुद्दे पर वह वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, जबकि इंजीनियर इन चीफ बीएस बाठ का जवाब हैरानी पैदा कर रहा है। उन्होंने दो टूक यह कह बात निपटाई कि माडल टाउन डिवीजन में स्पॉट बिलिंग के जरिए लोगों को मौके पर ही रीडिंग दर्ज कर बिल दे दिए गए हैं। परंतु असमंजस में होने के कारण लोगों को लग रहा है कि उन्हें बिल नहीं पहुंचे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: