लुधियाना. पंजाब में स्वाइन फ्लू से एक अधेड़ महिला की मौत हो गई है। महिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) की रहने वाली थी। दो दिन पहले उसे मोहाली के सिल्वर ओक अस्पताल में दाखिल कराया गया था। यहां उसने रविवार सुबह दम तोड़ दिया था। सेहत विभाग में हड़कंप तब मचा, जब रविवार देर शाम सैंपल की रिपोर्ट पॉजीटिव आ गई।
बीनू गुप्ता (48) को 16 अक्तूबर को सोलन से पीजीआई के लिए रेफर किया गया था। परिजन उसे मोहाली के सिल्वर ओक अस्पताल ले गए। डाक्टरों को स्वाइन फ्लू का शक हुआ। रविवार सुबह उसका सैंपल पीजीआई भेजा गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। पंजाब के स्टेट नोडल अफसर डा.दीपक भाटिया के मुताबिक महिला की मौत रविवार सुबह साढ़े आठ बजे ही हो गई थी, जबकि उसका सैंपल दस बजे पीजीआई पहुंचा।
डा.भाटिया ने माना कि महिला का सैंपल पीजीआई भेजे जाने के बारे में मोहाली की डिस्ट्रिक्ट अथारिटी या स्टेट हेडक्वार्टर को जानकारी नहीं दी गई। उन्हें सैंपल रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद ही पता चल सका। डा.भाटिया के मुताबिक चंडीगढ़ व मोहाली में महिला के संपर्क में आए 50 लोगों की लिस्ट तैयार की गई है। इनका चेकअप कर टीमोफ्लू दवा का कोर्स कराया जाएगा।
कांग्रेस प्रधान की बेटी में डेंगू की पुष्टि
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान महिंदर सिंह केपी की बेटी करिश्मा में डेंगू की पुष्टि हो गई है। उनकी पत्नी सुमन की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुछ दिन पहले सुमन व करिश्मा को डीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया था। दोनों के प्लेटलेट काफी कम थे। उनके लक्षणों के आधार पर डाक्टरों को डेंगू का शक हुआ। उनका रैपिड टेस्ट किया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजीटिव आ गई। बारीकी में जाने के लिए एलीजा टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट आ गई है।
इसमें करिश्मा को डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। अस्पताल प्रबंधकों ने सोमवार को जिला सेहत विभाग के अधिकारियों को मौखिक तौर पर सूचना भी दे दी। उधर, अब जिला सेहत विभाग के पास डेंगू के जितने भी संदिग्ध मरीज रिपोर्ट होंगे, उनका विभाग अपने स्तर पर एलीजा टेस्ट भी कराएगा। स्टेट हेडक्वार्टर ने सिविल सर्जन आफिस को सोमवार को निर्देश भेज दिए कि संदिग्ध मरीजों की पुष्टि के लिए सिविल अस्पताल में टेस्ट कराया जाए।
डेंगू के 14 नए मरीज सामने आए
लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में डेंगू के 14 नए मरीज सामने आए हैं। जालंधर से पांच, होशियारपुर से चार, लुधियाना से दो, फतेहगढ़ साहिब, नवांशहर व कांगड़ा से एक एक मरीज डीएमसी अस्पताल मंे दाखिल कराया गया था। इनमें डेंगू की पुष्टि हो गई है। इन मरीजों मंे जालंधर की करिशमा (21), नीरू सलूजा (28), ओंकार सिंह (56), संगीता (40), राजिंदर कुमार (30) शामिल हैं। इसके अलावा होशियारपुर से राजेश कुमार(26), राम गर्ग(42), संजीव अग्रवाल (40), राकेश पाल (42), नवांशहर से रीटा दीवान (60), फतेहगढ़ साहिब से संदीप (23), लुधियाना से नरेश कुमार (55,) खन्ना से अशोक गुता (49) व कांगड़ा से जगदीश (33) में डेंगू की पुष्टि हुई है।