लुधियाना. भाई से मिल कर लौट रहे बैंक के सहायक मैनेजर का तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया गया। उसका शव गांव फुल्लांवाल में सड़क के किनारे खाली प्लाट के पास पड़ा मिला। थाना सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शव पर तेजधार हथियार के करीब 25 वारों के निशान थे। शव के पास से थ्री—व्हीलर चलाने वाली रस्सी भी बरामद हुई है। पुलिस को शह है कि यह वारदात किसी थ्री—व्हीलर चालक ने लूट की नीयत से की है। पुलिस ने अज्ञात थ्री—व्हीलर चालक के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का नाम प्राण रंजन सिन्हा (28) है।
वह यूनियन बैंक आफ इंडिया, फिरोज गांधी मार्केट में सहायक मैनेजर के तौर पर तैनात है। सिन्हा मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था व अकेला यहां दुगरी फेस—2 में रहता था। सोमवार सुबह गांव फुल्लांवाल वासियों ने सड़क किनारे शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की।
शव के आसपास कोई सामान नहीं मिला है, जबकि थ्री—व्हीलर स्टार्ट करने की रस्सी बरामद हुई है। उसकी जेब से एक रेल टिकट भी मिला है। यह टिकट दिल्ली से लुधियाना तक का था। रेल टिकट के आधार पर शव की शिनाख्त प्राण रंजन सिन्हा के तौर पर हुई।
थाना सदर के एसएचओ मनदीप सिंह के अनुसार प्राण रंजन सिन्हा कुछ दिन पहले दिल्ली में रहने वाले अपने भाई के पास गया हुआ था। वह रविवार रात वहां से वापस लौट रहा था। संभवत: यह काम थ्री—व्हीलर चालक का है। पुलिस जांच कर रही है।